राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, कोटा मंडल में मचा हड़कंप, समय रहते यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, वीडियो आया सामने
कोटा मंडल में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में अचानक आग लग गई। यह हादसा सुबह करीब 5:15 बजे मध्य प्रदेश के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और रेलवे प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, राजधानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग पर तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान ट्रेन के दो कोचों से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना ट्रेन स्टाफ और रेलवे अधिकारियों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन को तत्काल रोका गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय प्रशासन की तत्परता के चलते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि कई यात्रियों को हल्की घबराहट और सांस लेने में परेशानी की शिकायत हुई। मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, जिसके बाद दमकल टीम भी मौके पर पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही ट्रेन के अंदर धुआं तेजी से फैलने लगा था, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। कई यात्री नींद में थे और अचानक मची अफरा-तफरी के कारण लोग जल्दबाजी में अपने सामान के साथ नीचे उतरने लगे। रेलवे स्टाफ ने स्थिति को संभालते हुए यात्रियों को सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया।
घटना के कारण राजधानी एक्सप्रेस काफी देर तक प्रभावित रही, जिससे इस रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि तकनीकी टीम जांच के बाद ही स्पष्ट कारण बता सकेगी।
रेलवे की ओर से उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अन्य कोचों की भी गहन जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं के बीच यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रेलवे प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। फिलहाल राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
