नागौर में दो गुटों के बीच जमकर बवाल, फुटेज में देंखे कैंपर गाड़ियों में तोड़फोड़; हाईवे से गांव तक दौड़ाए वाहन, ग्रामीणों में दहशत
राजस्थान के नागौर जिले में अमरपुरा गांव के पास दो गुटों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ और कैंपर गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान कई वाहनों को हाईवे से गांव के अंदर तक दौड़ाया गया। अचानक हुए घटनाक्रम से गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने की जानकारी मिलने पर दोनों गुटों के लोग वहां से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
कैंपर गाड़ियों से एक-दूसरे का किया पीछा
जानकारी के अनुसार, दोनों गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों गुटों ने कैंपर गाड़ियों से एक-दूसरे का पीछा करना शुरू कर दिया।
इस दौरान वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की गई। हाईवे से लेकर गांव की सड़कों तक गाड़ियों के दौड़ने और हंगामे के कारण ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अचानक हुई इस घटना से लोग सहम गए। गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी
सदर थाना अधिकारी किताब चौधरी ने बताया कि पुलिस दोनों गुटों से जुड़े लोगों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। विवाद किस वजह से शुरू हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है, ताकि पूरे मामले की जानकारी मिल सके।
थानाधिकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही घटनाक्रम का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
