Aapka Rajasthan

बहन की विदाई तक छिपाई पिता की मौत, फुटेज में जानें बेटे ने कहा- 32 बार फोन करने पर भी नहीं मिली एंबुलेंस; शादी में डांस करते आया था हार्ट अटैक

बहन की विदाई तक छिपाई पिता की मौत, फुटेज में जानें बेटे ने कहा- 32 बार फोन करने पर भी नहीं मिली एंबुलेंस; शादी में डांस करते आया था हार्ट अटैक
 
बहन की विदाई तक छिपाई पिता की मौत, फुटेज में जानें बेटे ने कहा- 32 बार फोन करने पर भी नहीं मिली एंबुलेंस; शादी में डांस करते आया था हार्ट अटैक

राजस्थान के उदयपुर जिले के ऋषभदेव में एक बेटी की शादी के दौरान ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे परिवार को झकझोर दिया। 20 नवंबर को शादी समारोह में डांस करते समय पिता शंकरलाल मेघवाल को अचानक हार्ट अटैक आ गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लेकिन बेटी की शादी में कोई रुकावट न आए, इसलिए बेटों ने मां और बहन से पिता की मौत की खबर छिपा ली। बहन की विदाई होने तक उसे यही बताया गया कि पिता ICU में भर्ती हैं और अगले दिन उनका ऑपरेशन होगा।

बेटे ने मां और बहन से कहा- पापा ICU में भर्ती हैं

मृतक के बेटे दिलीप मेघवाल ने बताया कि पिता का शव अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा था। वह वहां से घर लौटे और मां तथा बहन प्रियंका को बताया कि पिताजी ICU में भर्ती हैं। उनका अगले दिन ऑपरेशन होना है, इसलिए शादी की रस्में जल्दी पूरी करनी होंगी।

दिलीप के मुताबिक, परिवार ने फैसला किया कि बहन की शादी में कोई रुकावट नहीं आने देंगे। पिता की मौत का गम दिल में दबाकर शादी की रस्में पूरी करवाई गईं। किसी को इस बात का अहसास नहीं होने दिया कि परिवार पर कितना बड़ा दुख टूट पड़ा है।

विदाई के समय फूट पड़ी बेटे की रुलाई

दिलीप ने बताया कि बहन की विदाई के समय उनके लिए खुद को संभालना बेहद मुश्किल हो गया था। उनकी आंखों से आंसू निकलने लगे, लेकिन उन्होंने किसी तरह खुद को संभाला। दिल पर पत्थर रखकर बहन को विदा किया।

जब प्रियंका अपने ससुराल पहुंच गई, तब उसे फोन करके बताया गया कि पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। जिस पिता को वह अस्पताल में भर्ती समझ रही थी, उनकी मौत की खबर सुनकर परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

डांस करते समय अचानक उठा सीने में दर्द

दिलीप ने बताया कि 20 नवंबर को प्रियंका की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान शंकरलाल परिवार के लोगों के साथ डांस कर रहे थे। तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और बेचैनी होने लगी। परिवार के लोग घबरा गए और उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दिलाने की कोशिश करने लगे।

32 बार फोन करने पर भी नहीं उठा एंबुलेंस का कॉल

दिलीप का आरोप है कि पिता की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने 104 और 108 नंबर पर एंबुलेंस बुलाने के लिए करीब 32 बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। काफी कोशिशों के बाद भी एंबुलेंस नहीं मिली तो परिवार के लोग उन्हें निजी कार से ऋषभदेव अस्पताल लेकर पहुंचे।

वहां डॉक्टरों ने शंकरलाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी कार से ही उदयपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक तरफ पिता की मौत, दूसरी तरफ बहन की शादी

इस घटना में परिवार के सामने सबसे कठिन स्थिति यह थी कि पिता की मौत के बाद भी बेटी की शादी की रस्में पूरी करनी थीं। बेटों ने बहन की खुशियों के लिए अपने दुख को छिपाए रखा। दिलीप का कहना है कि बहन की विदाई तक उन्होंने खुद को संभाले रखा, लेकिन अंदर ही अंदर पिता को खोने का दर्द उन्हें तोड़ रहा था।

वहीं, एंबुलेंस सेवा को लेकर लगाए गए दिलीप के आरोपों ने भी सवाल खड़े किए हैं। 104 और 108 नंबर पर किए गए कॉल की जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि 32 बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद एंबुलेंस क्यों नहीं पहुंच पाई।