Aapka Rajasthan

बाड़मेर में परियोजना से प्रभावित किसानों का प्रदर्शन, वीडियो में देंखे स्कूलों को मर्ज करने के फैसले पर जताया विरोध

बाड़मेर में परियोजना से प्रभावित किसानों का प्रदर्शन, वीडियो में देंखे स्कूलों को मर्ज करने के फैसले पर जताया विरोध
 
बाड़मेर में परियोजना से प्रभावित किसानों का प्रदर्शन, वीडियो में देंखे स्कूलों को मर्ज करने के फैसले पर जताया विरोध

राजस्थान के बाड़मेर जिले में जालीपा कपूरड़ी लिग्नाइट परियोजना से प्रभावित किसानों ने बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर बने सरकारी स्कूलों को तोड़कर अन्य स्कूलों में मर्ज करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।प्रदर्शन के दौरान किसानों ने भावुक होकर प्रशासन के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वजों ने बच्चों की शिक्षा के लिए अपनी जमीनें दान देकर गांव में स्कूलों का निर्माण कराया था, ताकि स्थानीय बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर न जाना पड़े। लेकिन अब उसी व्यवस्था को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

किसानों का कहना है कि लिग्नाइट परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया के तहत उन्हें अन्य स्थानों पर बसाया जा रहा है, लेकिन वे चाहते हैं कि जहां उन्हें बसाया जाए, वहीं पर इन स्कूलों को भी स्थानांतरित किया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा बाधित न हो।प्रदर्शन के दौरान किसानों ने हाथ जोड़कर जिला कलेक्टर के सामने अपनी मांगें रखीं और स्कूलों को मर्ज करने के निर्णय को वापस लेने की गुहार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं और मांगें विस्तार से रखीं। ज्ञापन में स्कूलों को यथास्थान बनाए रखने या पुनर्वास स्थल पर ही स्थापित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।प्रशासन की ओर से किसानों को उनकी मांगों पर विचार करने और संबंधित विभागों से चर्चा करने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल मामला जिला प्रशासन और परियोजना प्रभावित परिवारों के बीच संवाद और समाधान की प्रक्रिया में है। इस मुद्दे ने स्थानीय स्तर पर शिक्षा और विकास परियोजनाओं के बीच संतुलन को लेकर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।