सलमान खान को रंगदारी की धमकी देने की फर्जी साजिश का खुलासा, वीडियो में देंखे गैंगस्टर के नाम पर बनाई नकली WhatsApp चैट
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को रंगदारी की धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस ने कथित फर्जी साजिश का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने किसी गैंगस्टर गैंग के नाम का इस्तेमाल कर झूठी WhatsApp चैट और फर्जी पहचान तैयार की थी। आरोप है कि इसका मकसद सलमान खान को डराकर उनसे पैसे ऐंठना था। न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने खुद को गैंगस्टर गिरोह से जुड़ा बताकर धमकी का माहौल बनाने की कोशिश की। हालांकि, उसके दावों और पुलिस को मिले CCTV फुटेज के बीच अंतर सामने आने के बाद जांच अधिकारियों ने उससे सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पूरी कहानी खुद गढ़ने की बात स्वीकार कर ली।
इलेक्ट्रॉनिक तरीके से तैयार की फर्जी चैट
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का इस्तेमाल कर फर्जी WhatsApp चैट तैयार की थीं। इन चैट के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई कि धमकी किसी गैंगस्टर गैंग की ओर से दी जा रही है।आरोपी ने डर का माहौल बनाने के लिए खुद को एक गैंग का सदस्य बताने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल सलमान खान से कथित तौर पर रंगदारी वसूलने के इरादे से किया गया था।
CCTV फुटेज से खुली पोल
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के दावों और CCTV फुटेज में अंतर मिला। फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ तेज की।पूछताछ में कथित तौर पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने धमकी और गैंग से जुड़ी पूरी कहानी खुद तैयार की थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सबूत जुटाने की कार्रवाई की।
बांद्रा सी-फ्रंट से दो मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बांद्रा सी-फ्रंट के पास छिपाकर रखे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन को मामले में अहम सबूत माना जा रहा है। इसके अलावा गवाहों की मौजूदगी में फर्जी WhatsApp चैट के स्क्रीनशॉट भी जब्त किए गए हैं।पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि फर्जी चैट किस तरह तैयार की गईं और धमकी देने की पूरी साजिश में आरोपी ने किन इलेक्ट्रॉनिक साधनों का इस्तेमाल किया।फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और आरोपी के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
