जयपुर में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, क्रिप्टो और USDT में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी; फुटेज में देंखे 3 गिरफ्तार
राजधानी जयपुर में क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी (USDT) में निवेश के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
70 दिन में रकम दोगुनी करने का देते थे झांसा
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को क्रिप्टो करेंसी और यूएसडीटी में निवेश कर महज 70 दिनों में रकम दोगुनी करने का लालच देते थे। निवेश पर भारी मुनाफे का वादा कर लोगों से पैसा जमा करवाया जाता था। इसके बाद कथित तौर पर उनसे ठगी की जाती थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीकर जिले के लापवा निवासी राजेंद्र बाजिया, झुंझुनूं जिले के ओजटू निवासी संजय स्वामी और सीकर जिले के लाडपुरा निवासी रेणुका गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी फिलहाल जयपुर में किराए के मकानों में रह रहे थे और वहीं से अपने नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।
फर्जी कॉल सेंटर से चल रहा था खेल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कॉल सेंटर के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें आकर्षक निवेश योजनाओं का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। निवेशकों को कम समय में अधिक रिटर्न का भरोसा दिलाया जाता था।
डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कॉल सेंटर से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, कंप्यूटर और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। अब इनकी जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि ठगी का नेटवर्क कितना बड़ा था और कितने लोग इसके शिकार बने।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का मानना है कि इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। साथ ही ठगी से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें और कम समय में रकम दोगुनी करने जैसे दावों से सावधान रहें।
