जयपुर में फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा, फुटेज में देंखे 11 युवक-युवतियां गिरफ्तार; ई-मित्र आईडी और रोजगार के नाम पर करते थे ठगी
राजधानी जयपुर पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सीएसटी (CST) टीम ने गुरुवार को कार्रवाई कर कॉल सेंटर से जुड़े 11 युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह फर्जी कॉल सेंटर जवाहर नगर थाना क्षेत्र की सिंधी कॉलोनी स्थित रॉयल अपार्टमेंट में संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 15 कंप्यूटर, 2 लैपटॉप और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
ई-मित्र आईडी और रोजगार दिलाने का देते थे झांसा
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कॉल सेंटर के जरिए राजस्थान सहित अन्य राज्यों के लोगों को निशाना बनाते थे।आरोपी लोगों को फोन कर ई-मित्र आईडी उपलब्ध कराने और ई-मित्र के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न सेवाओं से रोजगार दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद नौकरी और अच्छी कमाई का लालच देकर उनसे बड़ी रकम वसूली जाती थी।पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को भरोसा दिलाते थे कि ई-मित्र से जुड़कर वे अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं। इसी लालच में कई लोग इनके जाल में फंस गए।
40 से 70 हजार रुपए तक वसूले
डीसीपी क्राइम संजीव नैन ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अलग-अलग लोगों से करीब 40 हजार रुपए से लेकर 70 हजार रुपए तक की राशि वसूली। लेकिन पैसे लेने के बाद न तो उन्हें कोई रोजगार उपलब्ध कराया गया और न ही वादा की गई सेवाएं दी गईं।पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बनाया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जी कॉल सेंटर से कितने लोग ठगे गए हैं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अन्य राज्यों तक फैला हो सकता है नेटवर्क
पुलिस को आशंका है कि इस फर्जी कॉल सेंटर का नेटवर्क अन्य राज्यों तक भी फैला हो सकता है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों, बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को फोन किए और कितनी रकम की ठगी की। साथ ही, कॉल सेंटर में काम करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जयपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन सेवा, नौकरी या कमाई के नाम पर पैसे देने से पहले पूरी जांच जरूर करें। पुलिस का कहना है कि इस तरह की ठगी से बचने के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
