जयपुर में जमीन बेचने के नाम पर 69.50 लाख की ठगी, फुटेज में देंखे फर्जी आधार कार्ड से असली मालकिन की जगह दूसरी महिला को किया पेश; 4 गिरफ्तार
जयपुर में जमीन खरीदने और बेचने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का बनीपार्क थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड तैयार करवाकर जमीन की असली मालकिन की जगह दूसरी महिला को मालिक बताकर पेश किया। इसके बाद जमीन बेचने का सौदा कर परिवादी से 69 लाख 50 हजार रुपए ऐंठ लिए।डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू देवी निवासी सांभर, रामस्वरूप वर्मा निवासी रेनवाल हाल फुलेरा, पप्पूराम वर्मा निवासी मोरूदा, फुलेरा और अरविंद सिंह निवासी फुलेरा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
असली खातेदार महिला की जगह दूसरी महिला को किया पेश
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह की महिला आरोपी रिंकू देवी ने खुद को जमीन की वास्तविक खातेदार महिला का परिजन बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। आरोपियों ने नर्मदा देवी, रामस्वरूप और रिंकू देवी के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाए।इसके बाद रिंकू देवी को जमीन की असली खातेदार नर्मदा देवी की जगह पेश किया गया। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन पर मालिकाना हक जताया और उसे बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
इकरारनामा कर 69.50 लाख रुपए ऐंठे
आरोपियों ने आपसी साजिश के तहत फर्जी दस्तावेजों के जरिए 16 अप्रैल 2024 को परिवादी के साथ जमीन का इकरारनामा किया। जमीन का सौदा तय कर आरोपियों ने परिवादी से 69 लाख 50 हजार रुपए प्राप्त कर लिए।बाद में पूरे मामले में फर्जी दस्तावेजों और असली खातेदार महिला की जगह दूसरी महिला को पेश किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
गिरोह के अन्य मामलों की भी जांच
बनीपार्क थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों और ठगी की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह ने जमीन के नाम पर अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है या नहीं।
