जयपुर में कारोबारी से 10 लाख की रंगदारी की मांग, WhatsApp कॉल पर मिली जान से मारने की धमकी, वीडियो में जाने पुलिस जांच में जुटी
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक कारोबारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश ने व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज के जरिए कारोबारी को धमकाते हुए परिवार की हत्या करने की चेतावनी दी। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी 45 वर्षीय कारोबारी ने बताया कि पिछले आठ दिनों से उसे व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज के माध्यम से लगातार धमकियां मिल रही हैं। आरोपी 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहा है। शिकायत के मुताबिक, कारोबारी को पहली धमकी 23 जून की दोपहर व्हाट्सऐप कॉल के जरिए मिली। कॉल करने वाले ने कहा कि उसका कोई सामान कारोबारी के पास रखा हुआ है। जब कारोबारी ने इसे गलत नंबर बताया, तो आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग कर दी।
इसके बाद आरोपी लगातार व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर कारोबारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता रहा। आरोपी ने कथित तौर पर लिखा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वह जल्द ही "सरप्राइज" देगा। उसने यह भी धमकी दी कि, "आज तेरी व्यवस्था करता हूं... तू नहीं मानेगा प्यार से, अब तू खुद बोलेगा पैसे ले लो। आखिरी बार पूछ रहा हूं, पैसे देगा या नहीं। अगली बार पूछूंगा नहीं।"धमकियों से भयभीत कारोबारी ने तुरंत पुलिस से संपर्क कर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और व्हाट्सऐप कॉल, मैसेज तथा संबंधित मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और उसने रंगदारी मांगने के लिए किस माध्यम का इस्तेमाल किया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का कारोबारी से पहले से कोई संबंध था या यह साइबर माध्यम से की गई सुनियोजित रंगदारी की कोशिश है।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
