Aapka Rajasthan

भीलवाड़ा में विस्फोटकों से भरी पिकअप में जोरदार धमाका, फुटेज में देंखे ड्राइवर की मौत; 10 फीट दूर जा गिरा इंजन

भीलवाड़ा में विस्फोटकों से भरी पिकअप में जोरदार धमाका, फुटेज में देंखे ड्राइवर की मौत; 10 फीट दूर जा गिरा इंजन
 
भीलवाड़ा में विस्फोटकों से भरी पिकअप में जोरदार धमाका, फुटेज में देंखे ड्राइवर की मौत; 10 फीट दूर जा गिरा इंजन

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा इलाके में सोमवार सुबह विस्फोटकों से भरी एक पिकअप में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। विस्फोट इतना तेज था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट के कारण नजदीकी मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।

पिकअप में अचानक हुआ जोरदार ब्लास्ट

थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, हादसा आगूंचा गांव में रामदेव खटीक के बाड़े में हुआ। यहां विस्फोटकों से भरी एक पिकअप खड़ी थी। सोमवार सुबह अचानक उसमें जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पिकअप के चेचिस, टायर और इंजन सहित कई हिस्से दूर जाकर गिरे।हादसे में बूंदी निवासी राम अवतार की मौत हो गई। धमाके के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तेज आवाज सुनकर घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।

मकानों की दीवारों में आई दरारें, कांच टूटे

धमाके का असर आसपास के मकानों तक पहुंचा। विस्फोट के कारण बाड़े की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास के कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कई घरों के दरवाजों और खिड़कियों के कांच भी टूट गए।धमाके के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिकअप का इंजन गाड़ी से अलग होकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा।

पुलिस ने घटनास्थल किया सील, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने बताया कि घटनास्थल को सील कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिकअप में किस प्रकार का विस्फोटक भरा हुआ था और धमाका किन परिस्थितियों में हुआ।फिलहाल विस्फोट के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस विस्फोटक के स्रोत, उसके परिवहन और सुरक्षा संबंधी पहलुओं की भी जांच कर सकती है। हादसे में चालक की मौत और आसपास के मकानों को हुए नुकसान के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।