नाहरगढ़ वन रेंज कार्यालय पर हमले के 27 दिन बाद भी नरेश मीणा फरार, वीडियो में जाने 8 से 10 ठिकानों पर दबिश
राजस्थान के बारां जिले में नाहरगढ़ वन रेंज कार्यालय पर हुए हमले के मामले में आरोपित किसान नेता और भगतसिंह सेना के प्रमुख नरेश मीणा अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। घटना के 27 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उनकी तलाश में पुलिस की आधा दर्जन से ज्यादा टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। बारां के छबड़ा और अटरू क्षेत्र में करीब 8 से 10 संभावित ठिकानों पर तलाशी ली गई, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।पुलिस के अनुसार, नाहरगढ़ वन रेंज कार्यालय पर 1 नवंबर को भीड़ ने हमला किया था। इस दौरान भीड़ जब्त डीजल पंप को अपने साथ ले गई और एक वनकर्मी के साथ मारपीट की गई। इस मामले में नरेश मीणा को आरोपित बनाया गया है। घटना के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
फरारी के दौरान सभाओं में पहुंचे, मोबाइल से किया संबोधित
पुलिस की तलाश के बीच नरेश मीणा फरारी के दौरान भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय दिखाई दिए। उन्होंने अलग-अलग सभाओं में हिस्सा लिया और मोबाइल फोन के जरिए लोगों को संबोधित भी किया। इसके अलावा वे सोशल मीडिया पर भी सक्रिय नजर आए। इसके बावजूद पुलिस अब तक उन्हें पकड़ने में सफल नहीं हो सकी है।
छबड़ा-अटरू में कई ठिकानों पर दबिश
पुलिस ने नरेश मीणा की तलाश में बारां जिले के छबड़ा और अटरू इलाके में करीब 8 से 10 संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसके अलावा पुलिस टीमों ने बूंदी जिले में भी तलाशी अभियान चलाया और अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग की।पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए आधा दर्जन से ज्यादा पुलिस टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
घर, फार्म हाउस और पेट्रोल पंप पर भी तलाशी
पुलिस टीम ने नरेश मीणा के नयागांव स्थित घर, फार्म हाउस और गऊघाट स्थित पेट्रोल पंप पर भी दबिश देकर तलाशी ली। इसके अलावा दूसरी टीम में छबड़ा के वृत्ताधिकारी ताराचंद को शामिल किया गया है। पुलिस अलग-अलग इलाकों में उनकी तलाश कर रही है।वन रेंज कार्यालय पर हमले के बाद दर्ज हुए मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। हालांकि, 27 दिन बाद भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई है।
