रात्रि चौपाल के नतीजों से नाराज शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, वीडियो में देंखे दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रात्रि चौपाल कार्यक्रम के नतीजों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के आर्थिक और प्रशासनिक अधिकार सरकार में समाहित कर लिए जाएंगे।
जोधपुर में समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री दिलावर ने कहा कि रात्रि चौपाल के अब तक के परिणाम संतोषजनक नहीं हैं। उन्होंने अपने विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अब भी अवहेलना सामने आई, तो सख्त कार्रवाई तय है।
स्वच्छता के मुद्दे पर उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर लोगों के जीवन से जुड़ा विषय है। गांवों में स्वच्छता के लिए आवंटित धन का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि यह पाया गया कि स्वच्छता का पैसा अन्य कार्यों में खर्च किया गया है, तो संबंधित व्यक्ति से उसकी वसूली की जाएगी।
पेयजल की व्यवस्था को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आने वाले गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जनता को समय पर और पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए विभाग को पहले से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में पानी की “छीजत” यानी लीकेज या बर्बादी अधिक है, उसे कम करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इससे जल संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा और लोगों को राहत मिलेगी।
जोधपुर जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में उन्होंने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक भी की, जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही उन्होंने राज्य बजट में जोधपुर के लिए की गई घोषणाओं की जानकारी भी साझा की और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
मंत्री के सख्त रुख से साफ है कि सरकार अब योजनाओं के धरातल पर सही तरीके से लागू होने को लेकर गंभीर है और किसी भी तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
