शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बड़ा बयान, वीडियो में बोले- निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने वाले सरकारी शिक्षक 'निकम्मे'
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सरकारी शिक्षकों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो सरकारी शिक्षक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं, वे अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार नहीं हैं और उन्हें सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पर ही भरोसा नहीं है।
मदन दिलावर ने कहा, "जो सरकारी शिक्षक अपने बच्चों को निजी स्कूल में पढ़ा रहे हैं, वे निकम्मापन कर रहे हैं। इसका मतलब है कि उन्हें अपने ही बच्चों को पढ़ाना नहीं आता। वे मुफ्त का वेतन ले रहे हैं। यदि वे इस श्रेणी में नहीं आना चाहते तो अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में कराएं।"
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों और शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अपना काम ठीक से नहीं करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, "अगर किसी का मिलने वाला ऐसा व्यक्ति हो तो उसे बता देना कि ठीक तरह से काम करे। मदन दिलावर बहुत खराब आदमी है। हम अच्छे लोगों का सम्मान करते हैं और गलत काम करने वालों को दंड देते हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षक का व्यवहार और जीवनशैली सीधे बच्चों पर असर डालती है। इसी वजह से विभाग ऐसे शिक्षकों की सूची तैयार कर रहा है जो स्कूलों में गुटखा खाते हैं या शराब पीकर आते हैं। मंत्री ने कहा कि सूची तैयार होने के बाद उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा मदन दिलावर ने राज्य में स्वच्छता अभियान को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राजस्थान साफ-सुथरा दिखना चाहिए। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही करेगा तो पहली बार चेतावनी दी जाएगी, लेकिन दोबारा गलती होने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।शिक्षा मंत्री ने कहा कि कार्रवाई करते समय किसी की जाति, समाज या पद नहीं देखा जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाएगी।
