सीएम भजनलाल शर्मा मुंबई में 'कर्मभूमि से मातृभूमि' कार्यक्रम का बनेंगे हिस्सा, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री भी होंगे मौजूद
मुंबई में आज (26 अप्रैल) 'कर्मभूमि से मातृभूमि' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शामिल होने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर से रवाना हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पटेल, गुजरात सरकार के मंत्री हर्ष संघवी और मुकेश पटेल के साथ ही महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'कैच द रेन' अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। 'कर्मभूमि से मातृभूमि' अभियान वर्षा जल संरक्षण के माध्यम से जल उपलब्धता और भूजल स्तर बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।
राजस्थान के लिए अभियान काफी महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में इस अभियान को राजस्थान में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य के 17 जिलों में 4 लाख हेक्टेयर भूमि में सिंचाई व्यवस्था विकसित की जा रही है और 3 करोड़ से अधिक आबादी को पेयजल सुविधा का लाभ मिल रहा है।
27 अप्रैल को जयपुर लौटेंगे
अगले दिन यानी 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे होटल से निकलेंगे और 9.20 बजे मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे। वे 10.50 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस दौरे का उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे अपने गृह राज्य में भूजल स्तर बढ़ाने में योगदान दे सकें।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान की जनता से की अपील
सरकार ने इस प्रोजेक्ट में 12 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के काम शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री का कहना है कि यह अभियान राजस्थान को जल संकट से मुक्त, हरा-भरा, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाएगा। मुख्यमंत्री मुंबई में बसे राजस्थानियों से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील करेंगे।
