Aapka Rajasthan

राजधानी जयपुर में भू माफियाओं के खिलाफ ED का ऑपरेशन, 20 जगहों पर छापे से मचा हड़कंप

 
राजधानी जयपुर में भू माफियाओं के खिलाफ ED का ऑपरेशन, 20 जगहों पर छापे से मचा हड़कंप

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जयपुर में भू-माफियाओं से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी ने जयपुर में करीब 20 ठिकानों पर कार्रवाई की है। ईडी की टीम ने कारोबारी ज्ञानचंद अग्रवाल के गोपालपुरा और मानसरोवर स्थित दफ्तरों पर छापेमारी की है। इसके अलावा, कई अन्य कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है।

ज्ञानचंद अग्रवाल जयपुर के सबसे बड़े भू-माफिया माने जाते हैं। उनके खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में 300 से अधिक मामले और शिकायतें दर्ज हैं। ईडी पहले भी उनके खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। ईडी ने आज गोपालपुरा स्थित उनके घर नारायण निवास पर छापेमारी की। साथ ही, क्षिप्रा पथ स्थित उनके दफ्तर पर भी छापेमारी की गई। इसके अलावा, उनसे जुड़े करीब 17 लोगों के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है।

ईडी की एक और टीम ने ज्ञानचंद अग्रवाल के सहयोगी जुगल किशोर के ठिकानों पर भी छापेमारी की है। जुगल किशोर के सिटी वंडर, होटल हिल्टन और ग्रैंड उनियारा में छापेमारी की गई है। इनके अलावा दलपत सिंह और उनके सहयोगी अवनीश बंसल, तोतला अनिल जैन और बद्री के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि इन कारोबारियों के खिलाफ भारी मात्रा में बेनामी संपत्ति और काले धन का संदेह है और छापों में इनके उजागर होने की संभावना है।