MLA LAD फंड दुरुपयोग मामले में ED ने पूर्व विधायक बलजीत यादव को बहरोड़ से गिरफ्तार
विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MLA LAD फंड) के दुरुपयोग से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बहरोड़ (अलवर) से पूर्व निर्दलीय विधायक बलजीत यादव को देर रात गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, जयपुर क्षेत्रीय इकाई की ED टीम ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित शाहजहांपुर टोल प्लाजा के पास बलजीत यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई।
ED के अधिकारियों ने बताया कि बलजीत यादव पर MLA LAD फंड का गलत इस्तेमाल और निधि का अनुचित वितरण करने के गंभीर आरोप हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि निधि का उपयोग सरकारी नियमों के विपरीत किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद बलजीत यादव से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है और मामले पर जनमानस में भी चर्चा होने लगी है।
