Aapka Rajasthan

झालावाड़ में ढाई घंटे में 3 बार भूकंप के झटके, वीडियो में जाने घरों से बाहर निकले लोग; स्कूलों में छुट्टी

झालावाड़ में ढाई घंटे में 3 बार भूकंप के झटके, वीडियो में जाने घरों से बाहर निकले लोग; स्कूलों में छुट्टी
 
झालावाड़ में ढाई घंटे में 3 बार भूकंप के झटके, वीडियो में जाने घरों से बाहर निकले लोग; स्कूलों में छुट्टी

राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिंडवाड़ा क्षेत्र के पांच गांवों में मंगलवार सुबह लगातार भूकंप के झटके महसूस होने से दहशत फैल गई। करीब ढाई घंटे के दौरान तीन बार धरती हिली। अचानक आए झटकों से ग्रामीण घबरा गए और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। भूकंप के कारण कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की भी जानकारी सामने आई है।राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.0 मापी गई। भूकंप का केंद्र झालावाड़ जिले में ही जमीन के करीब 15 किलोमीटर नीचे बताया गया है। झटकों का असर ग्राम पंचायत नोलाई क्षेत्र के नोलाई, बरखेड़ी, खजुरी, नापाखेड़ी और आवर गांवों में महसूस किया गया।

ढाई घंटे में तीन बार हिली धरती

ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार सुबह पहला भूकंप का झटका करीब 7:15 बजे महसूस किया गया। इसके बाद सुबह 8:20 बजे और फिर 9:53 बजे धरती हिली। कम समय के अंतराल में तीन बार झटके महसूस होने से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया।लोगों ने बताया कि पहला झटका महसूस होते ही कई परिवार घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद दोबारा झटका आने पर लोगों की चिंता और बढ़ गई। ग्रामीण काफी देर तक खुले स्थानों पर ही मौजूद रहे।

स्कूलों में मची अफरा-तफरी

भूकंप के दौरान कई बच्चे स्कूलों में पढ़ाई कर रहे थे। अचानक धरती हिलने से स्कूलों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिक्षकों ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए विद्यार्थियों को स्कूल भवन से बाहर निकालकर खुले मैदान में बैठाया।बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बाद में स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। शिक्षक और ग्रामीण बच्चों को लेकर काफी सतर्क नजर आए। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहे।

मकानों में आईं दरारें

भूकंप के झटकों के बाद कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी मिली है। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी जुटाई जा रही है।प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और भूकंप के बाद सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने के लिए कहा गया है। लगातार तीन झटके महसूस होने के बाद गांवों में लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।