नशे में धुत शिक्षक ने स्कूल को बना दिया मैदान-ए-जंग, हंगामा रोकने पर ग्रामीणों को क्रिकेट बैट लेकर दौड़ाया
राजस्थान में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। चूरू जिले के झारिया क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक शारीरिक शिक्षा शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुँच गया और हंगामा करने लगा। जैसे ही ग्रामीणों को शारीरिक शिक्षा शिक्षक के नशे में होने की जानकारी मिली, वे भी स्कूल पहुँच गए और शिक्षक को नियंत्रित करने लगे।
शिक्षक नशे में स्कूल पहुँचा था
मामले को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील मेघवाल ने बताया कि शारीरिक शिक्षक पिछले 6 सालों से स्कूल में कार्यरत है और अक्सर नशे में स्कूल आता था। बुधवार को शारीरिक शिक्षक राजदीप लांबा नशे में स्कूल पहुँचा और जब ग्रामीण इसका विरोध करने पहुँचे, तो शारीरिक शिक्षक ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। वह क्रिकेट बैट लेकर उन पर हमला करने के लिए भी दौड़ा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद सिंह राठौड़ ने बताया कि झारिया गाँव के राजकीय स्कूल के शारीरिक शिक्षक पर ग्रामीणों ने नशे की हालत में स्कूल आने का आरोप लगाया था। जिस पर चूरू से सीबीओ को स्कूल भेजा गया था। इसके अलावा पीओ को तथ्यात्मक रिपोर्ट भेजने को भी कहा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि अगर जांच रिपोर्ट में शारीरिक शिक्षक दोषी पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा के मंदिर में ऐसी घटना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। करीब 2 घंटे तक चले हंगामे के बाद दूधवाखारा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शारीरिक शिक्षक को राउंडअप कर लिया।
