Aapka Rajasthan

राजस्थान रोडवेज बसों से हो रही थी ड्रग्स तस्करी! सिंधी कैंप बस स्टैंड पर 38.65 किलो डोडा-चूरा बरामद, CCTV खंगाल रही पुलिस

राजस्थान रोडवेज बसों से हो रही थी ड्रग्स तस्करी! सिंधी कैंप बस स्टैंड पर 38.65 किलो डोडा-चूरा बरामद, CCTV खंगाल रही पुलिस
 
राजस्थान रोडवेज बसों से हो रही थी ड्रग्स तस्करी! सिंधी कैंप बस स्टैंड पर 38.65 किलो डोडा-चूरा बरामद, CCTV खंगाल रही पुलिस

 

राजस्थान की राजधानी जयपुर में रोडवेज बसों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। सिंधी कैंप बस स्टैंड पर पुलिस ने लावारिस हालत में रखे दो बैगों से 38 किलो 650 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बैग छोड़ने वाले आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

चेकिंग के दौरान मिले दो संदिग्ध बैग

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि रविवार शाम सिंधी कैंप बस स्टैंड परिसर में नियमित चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर दो बैग लावारिस हालत में पड़े मिले। पुलिस ने आसपास मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों से बैगों के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बैगों पर अपना दावा नहीं किया।संदेह होने पर पुलिस ने बैगों की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में डोडा-चूरा पाउडर भरा हुआ मिला।

38.65 किलो डोडा-चूरा जब्त

पुलिस ने दोनों बैगों को जब्त कर जांच की तो उनमें कुल 38 किलो 650 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। इसके बाद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए रोडवेज बसों का इस्तेमाल कर मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे।

CCTV फुटेज से तस्करों की तलाश

मामले की जांच कर रही सिंधी कैंप थाना पुलिस अब बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बैग वहां कौन छोड़कर गया और वह किस बस से पहुंचा था।पुलिस बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

बस चालकों और परिचालकों को किया सतर्क

घटना के बाद पुलिस ने सिंधी कैंप बस स्टैंड से कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और मध्य प्रदेश के नीमच से आने वाली बसों के ड्राइवरों और कंडक्टरों को विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।उन्हें कहा गया है कि यदि किसी यात्री का सामान संदिग्ध लगे या कोई व्यक्ति लावारिस बैग छोड़कर जाता दिखाई दे तो इसकी तुरंत सूचना पुलिस को दें।

ड्रग्स नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद डोडा-चूरा कहां से लाया गया था और इसे जयपुर या अन्य स्थानों पर किसे पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इसके पीछे किसी संगठित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का हाथ हो सकता है।फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।