Aapka Rajasthan

7 लाख का कर्ज चुकाने के लिए बना नशा तस्कर: अचार के डिब्बे में छिपाकर ले जा रहा था अफीम, वीडियो में देंखे पुलिस ने दबोचा

7 लाख का कर्ज चुकाने के लिए बना नशा तस्कर: अचार के डिब्बे में छिपाकर ले जा रहा था अफीम, वीडियो में देंखे पुलिस ने दबोचा
 
7 लाख का कर्ज चुकाने के लिए बना नशा तस्कर: अचार के डिब्बे में छिपाकर ले जा रहा था अफीम, वीडियो में देंखे पुलिस ने दबोचा

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में कर्ज के बोझ तले दबे एक युवक के नशा तस्करी के धंधे में उतरने का मामला सामने आया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को 1.215 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अचार के डिब्बे में अफीम छिपाकर सप्लाई देने जा रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर करीब 7 लाख रुपए का कर्ज था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने नशा तस्करों के संपर्क में आकर अफीम की सप्लाई शुरू कर दी थी।

हर खेप पहुंचाने पर मिलते थे 5 हजार रुपए

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हर बार मादक पदार्थ की खेप निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के बदले करीब 5 हजार रुपए प्राप्त करता था। वह खुद को केवल सप्लाई चेन का एक हिस्सा बता रहा है, लेकिन पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसे अफीम कौन उपलब्ध करवा रहा था और यह खेप किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाई जानी थी।

सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि बस्सी थाना क्षेत्र के नगरी आम रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा हुआ है, जिसके पास अवैध मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना मिलते ही एएनटीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।वहां बताए गए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद अचार के डिब्बे से 1.215 किलो अफीम बरामद हुई।

तस्करी नेटवर्क की तलाश जारी

पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इसलिए उसके मोबाइल फोन, संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, मामले में जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अफीम की यह खेप किस क्षेत्र में पहुंचाई जानी थी।

नशे के खिलाफ अभियान जारी

राजस्थान पुलिस और एएनटीएफ प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही हैं। हाल के दिनों में कई बड़े मामलों का खुलासा हुआ है और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।