डोटासरा का शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर तीखा हमला, वीडियो में बोले- 'शिक्षा का 'श' नहीं आता'; मुख्यमंत्री से मंत्रिमंडल से हटाने की मांग
राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को लेकर तीखी टिप्पणी की है। डोटासरा ने शिक्षा मंत्री की कार्यशैली और योग्यता पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री से उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की।
एक कार्यक्रम के दौरान डोटासरा ने कहा, "कचरे की बात ही मत करो। लोग खुद तय कर लें कि वह स तरह के व्यक्ति हैं। प्रदेश में जिसको शिक्षा का 'श' नहीं आता, वह शिक्षा मंत्री है। जिसको शुद्ध रूप से 'उच्च' लिखना नहीं आता, वह उच्च शिक्षा मंत्री है और जिसको कुछ नहीं आता, वह प्रदेश का मुख्यमंत्री है।" उन्होंने आगे कृषि विभाग का भी जिक्र करते हुए कहा कि "जो व्यक्ति कृषि विभाग में करोड़ों रुपये के कथित घोटाले पर एक शब्द नहीं बोल सकता, वह किसानों को बर्बाद करने वाला कृषि मंत्री है।"
मुख्यमंत्री से की कार्रवाई की मांग
डोटासरा ने मुख्यमंत्री से शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि भाजपा संगठन और सरकार की ओर से नसीहत देने के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं हो रहा है, तो उन्हें किसी डॉक्टर को दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी स्थिति नहीं बदलती, तो मुख्यमंत्री को उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर कर देना चाहिए।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
डोटासरा के इस बयान के बाद राजस्थान की सियासत में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। फिलहाल, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर या राज्य सरकार की ओर से इस टिप्पणी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
