''बिना सिर-पैर की बात न करें...' डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने विपक्ष को दी नसीहत, वोट चोरी के आरोपों पर फूटा गुस्सा
राजस्थान विधानसभा सत्र में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। सत्र की शुरुआत में विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों द्वारा लगाए गए 'वोट चोर' के नारों पर राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस विधायक ये नारे लगा रहे थे, वह गलत था। बैरवा ने सीधे तौर पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का नाम लेते हुए कहा कि 'वोट चोर' उनके अपने लोग हैं।
'वोट चोर' अपने ही लोग हैं - उपमुख्यमंत्री
मीडिया से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा, "विधानसभा अध्यक्ष जब दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दे रहे थे, तब भी नारेबाजी हो रही थी। बैरवा ने कहा कि "जिस तरह से वे 'वोट चोर' के नारे लगा रहे थे, पवन खेड़ा का नाम दो जगहों पर आया है, उससे साफ़ है कि 'वोट चोर' अपने ही लोग हैं।"
बकवास मत करो
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी बातें नहीं कही जानी चाहिए। हमें विधानसभा में राजस्थान के विकास और सहयोग के लिए सुझावों पर बात करनी चाहिए, ताकि राजस्थान विकास की राह पर आगे बढ़ सके। उन्होंने विधायकों से अपील की कि वे बकवास न करें और सदन में बैठकर ऐसी अच्छी चर्चा करें जिससे हम राजस्थान को विकास की दिशा में आगे ले जा सकें। आपको बता दें कि कल (सोमवार) विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायकों ने कुछ मुद्दों पर 'वोट चोर' के नारे लगाए थे। जिसके कारण सत्र 3 तारीख को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।
