राजस्थान में महंगा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर, आज से 29 रुपए बढ़े दाम; वीडियो में जाने जयपुर में 945.50 रुपए में मिलेगा LPG
राजस्थान में आम जनता को महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल एवं गैस कंपनियों ने घरेलू उपयोग वाले एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। संशोधित कीमतों के अनुसार 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर पर 29 रुपए की वृद्धि की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को अब पहले से अधिक कीमत चुकानी होगी।राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया कि तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के नए दाम जारी कर दिए हैं। नई रेट लिस्ट के मुताबिक जयपुर में 14.2 किलोग्राम का घरेलू गैस सिलेंडर अब 916.50 रुपए के बजाय 945.50 रुपए में उपलब्ध होगा।
आज से लागू हुई नई दरें
कंपनियों की ओर से जारी नई मूल्य सूची के अनुसार बढ़ी हुई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। ऐसे में आज से गैस बुक कराने वाले उपभोक्ताओं को बढ़ी हुई दरों पर ही सिलेंडर मिलेगा।एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब पहले से ही खाद्य पदार्थों और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतें आम लोगों के बजट पर दबाव बढ़ा रही हैं।
घरेलू बजट पर पड़ेगा असर
रसोई गैस हर घर की बुनियादी जरूरतों में शामिल है। ऐसे में सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा। खासकर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ माना जा रहा है।उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि से घरेलू खर्च और बढ़ जाएगा।
कंपनियों ने बढ़ाई कीमतें
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अनुसार, तेल-गैस कंपनियों ने देशभर में घरेलू सिलेंडरों की कीमतों की समीक्षा के बाद यह बढ़ोतरी की है। नई दरों को लेकर सभी गैस एजेंसियों को भी सूचना जारी कर दी गई है।हालांकि कंपनियों की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा लागत बढ़ने और परिचालन खर्च में वृद्धि को प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
जयपुर समेत पूरे प्रदेश में असर
नई कीमतों का असर केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। विभिन्न शहरों में स्थानीय करों और परिवहन लागत के आधार पर कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है, लेकिन घरेलू सिलेंडर पर 29 रुपए की बढ़ोतरी प्रदेशभर में लागू की गई है।
लगातार बढ़ रही महंगाई
विशेषज्ञों का मानना है कि रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि से घरेलू खर्च में बढ़ोतरी होगी और इसका असर उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति पर भी पड़ सकता है। महंगाई के मौजूदा दौर में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ना आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है।फिलहाल, राजस्थान में घरेलू उपभोक्ताओं को 14.2 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर अब 945.50 रुपए में मिलेगा, जिससे रसोई का बजट पहले की तुलना में और महंगा हो जाएगा।
