Aapka Rajasthan

जिस जेल की जेलर थी, उसी में बनी बंदी, वीडियो में जाने निलंबित दिव्या चौधरी गिरफ्तार; महिला कैदियों से करवाती थी घर की सफाई

जिस जेल की जेलर थी, उसी में बनी बंदी, वीडियो में जाने निलंबित दिव्या चौधरी गिरफ्तार; महिला कैदियों से करवाती थी घर की सफाई
 
जिस जेल की जेलर थी, उसी में बनी बंदी, वीडियो में जाने निलंबित दिव्या चौधरी गिरफ्तार; महिला कैदियों से करवाती थी घर की सफाई

अजमेर सेंट्रल जेल की दो महिला कैदियों को नियमों के खिलाफ जेल से बाहर ले जाकर निजी फ्लैट की सफाई करवाने के मामले में फरार चल रही निलंबित जेलर दिव्या चौधरी को पुलिस ने बुधवार को कोटा से गिरफ्तार कर लिया। करीब दो महीने से फरार चल रही दिव्या चौधरी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब इस मामले में सबसे चर्चित बात यह है कि जिस अजमेर सेंट्रल जेल में दिव्या चौधरी जेलर के पद पर तैनात थी, अब उसी जेल में उसे बंदी के तौर पर भेजा गया है।डीएसपी उत्तर शिवम जोशी ने बताया कि मामले में उम्रकैद की सजा काट रहीं किरण और सना को जेलर दिव्या चौधरी ने नियमों को दरकिनार कर जेल से बाहर ले जाया था। दोनों महिलाएं हत्या के मामले में सजा काट रही हैं।

बिना अनुमति और रिकॉर्ड एंट्री के कैदियों को निकाला

पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को दिव्या चौधरी दोनों महिला कैदियों को बिना कोर्ट की अनुमति और जेल रिकॉर्ड में आवश्यक एंट्री किए निजी गाड़ी से जेल से बाहर लेकर गई थी। आरोप है कि दोनों कैदियों को अजमेर के एआरजी सिटी स्थित एक निजी फ्लैट में ले जाया गया, जहां उनसे घर की सफाई करवाई गई।मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जांच के बाद जेलर दिव्या चौधरी और मामले में उसका साथ देने वाली महिला प्रहरी सोनिया चौधरी को निलंबित कर दिया गया।

निलंबन के बाद दोनों हो गई थीं फरार

निलंबन के बाद दिव्या चौधरी का मुख्यालय बीकानेर और महिला प्रहरी सोनिया चौधरी का मुख्यालय जोधपुर किया गया था। हालांकि दोनों अपने निर्धारित मुख्यालय पर उपस्थित नहीं हुईं और लंबे समय से अनुपस्थित चल रही थीं। पुलिस के मुताबिक दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गई थीं।पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी। बुधवार को पुलिस को दिव्या चौधरी के कोटा में होने की सूचना मिली, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला प्रहरी सोनिया की तलाश जारी

इस मामले में दिव्या चौधरी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस महिला प्रहरी सोनिया चौधरी की तलाश में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जेल से महिला कैदियों को बाहर ले जाने की पूरी प्रक्रिया कैसे हुई और इसमें अन्य किसी कर्मचारी की भूमिका थी या नहीं।फिलहाल दिव्या चौधरी को कोर्ट के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है। जिस अधिकारी के जिम्मे कभी अजमेर सेंट्रल जेल की व्यवस्था थी, उसी जेल में अब उसका कैदी के रूप में पहुंचना इस पूरे मामले का सबसे चर्चित पहलू बना हुआ है।