Aapka Rajasthan

शराब दुकान को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदला, वीडियो में देंखे गाड़ियों में तोड़फोड़ और एक बाइक में लगाई आग

शराब दुकान को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदला, वीडियो में देंखे गाड़ियों में तोड़फोड़ और एक बाइक में लगाई आग
 
शराब दुकान को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदला, वीडियो में देंखे गाड़ियों में तोड़फोड़ और एक बाइक में लगाई आग

राजधानी जयपुर में रविवार रात शराब की एक दुकान को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यह घटना महेश नगर थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब अवैध शराब बिक्री को लेकर स्थानीय कॉलोनीवासियों और शराब दुकान से जुड़े लोगों के बीच कहासुनी हो गई।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे दुकान बंद होने के बाद भी कथित तौर पर अवैध रूप से शराब बेचे जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन बाद में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि शराब दुकान से जुड़े लोगों द्वारा मारपीट किए जाने के बाद कॉलोनी के लोग भी आक्रोशित हो गए और स्थिति पूरी तरह से बेकाबू हो गई।

हिंसा के दौरान गुस्साए लोगों ने मौके पर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया। दुकान के पास खड़ी तीन बाइक और एक स्कॉर्पियो वाहन में जमकर तोड़फोड़ की गई। इतना ही नहीं, भीड़ ने एक बाइक में आग भी लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।घटना की सूचना मिलते ही महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर इलाके में शांति बहाल की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और तोड़फोड़ व आगजनी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं होने से तनाव बढ़ता जा रहा था। फिलहाल पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया है और इलाके में अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की दोबारा अप्रिय घटना न हो।