Aapka Rajasthan

भंवरी विश्नोई हत्याकांड के खुलासे की मांग, वीडियो में जाने आज फलोदी कलेक्ट्रेट का घेराव; शहर बंद का ऐलान

भंवरी विश्नोई हत्याकांड के खुलासे की मांग, वीडियो में जाने आज फलोदी कलेक्ट्रेट का घेराव; शहर बंद का ऐलान
 
भंवरी विश्नोई हत्याकांड के खुलासे की मांग, वीडियो में जाने आज फलोदी कलेक्ट्रेट का घेराव; शहर बंद का ऐलान

राजस्थान के फलोदी जिले के लोहावट में भंवरी विश्नोई हत्याकांड का खुलासा नहीं होने से नाराज लोगों ने आज जिला कलेक्टर कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में लोहावट और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। विरोध के चलते फलोदी शहर बंद रखने की भी घोषणा की गई है।

दरअसल, 27 जुलाई की रात लोहावट में भंवरी विश्नोई घर के आंगन में सो रही थीं। इसी दौरान बदमाश ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी थी। वारदात के समय मां को बचाने के लिए उनकी दोनों बेटियां रामज्योति और सोनू भी दौड़ी थीं। हमलावर ने दोनों बेटियों पर भी चाकू से हमला कर दिया था, जिससे वे घायल हो गई थीं।घटना के बाद से ही परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करे और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया जाए। इसी मांग को लेकर आज प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट घेराव का कार्यक्रम रखा गया है।

पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने बताया कि 18 अगस्त को दोपहर 12 बजे लोहावट और आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोग अलग-अलग वाहनों से फलोदी के नागौर चौराहे पर पहुंचेंगे। यहां पहले सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर मार्च करेंगे और कार्यालय का घेराव करेंगे।प्रदर्शन को लेकर नागौर चौराहे पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सभा के लिए पांडाल लगाया गया है, जहां लोगों का जुटना शुरू हो गया है। आयोजकों की ओर से अधिक से अधिक लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है।

भंवरी विश्नोई की हत्या और उनकी बेटियों पर हुए हमले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। परिवार के सामने हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और जल्द आरोपी तक पहुंचने की मांग की थी। अब कई दिन बीतने के बाद भी घटना का खुलासा नहीं होने को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी सतर्क है। कलेक्ट्रेट और प्रदर्शन के संभावित मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा सकती है। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक भंवरी विश्नोई हत्याकांड का खुलासा नहीं होता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रह सकता है। आज होने वाले कलेक्ट्रेट घेराव के जरिए प्रदर्शनकारी प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव बनाने की कोशिश करेंगे।अब सभी की नजरें पुलिस जांच और आज होने वाले प्रदर्शन पर टिकी हैं। परिवार और स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन हत्याकांड की जांच में तेजी लाकर जल्द ही वारदात के पीछे की सच्चाई सामने लाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कार्रवाई करेगा।