दौसा पंचायत चुनाव: विधायक की मां, वीडियो में देंखे पत्नी और पूर्व मंत्री की बेटी मैदान में; कई सीटों पर हाईप्रोफाइल मुकाबला
दौसा में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत कल मतदान होगा। जिले में जिला परिषद के 24 वार्ड और 8 पंचायत समितियों की 142 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। चुनाव में कई सीटों पर दिलचस्प और हाईप्रोफाइल मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। कहीं मौजूदा विधायकों के परिवार के सदस्य चुनाव मैदान में हैं तो कहीं पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक के परिवार से जुड़े उम्मीदवार अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं।
सिकराय से भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल की मां और दौसा से कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, कांग्रेस की पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी भी पहली बार चुनाव मैदान में उतरी हैं। इसके अलावा एक IAS अधिकारी की पत्नी सिकंदरा पंचायत समिति से सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। पूर्व विधायक का बेटा भी नांगल राजावतान पंचायत समिति से चुनावी मैदान में है।
पूर्व मंत्री की बेटी के सामने त्रिकोणीय मुकाबला
पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी पहली बार चुनाव लड़कर राजनीति में अपनी किस्मत आजमा रही हैं। वे सिकराय क्षेत्र के जिला परिषद वार्ड नंबर 19 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं।इस सीट पर भाजपा की मधु मेहरा और सिकंदरा से कांग्रेस के प्रधान रहे सुल्तान बैरवा की पत्नी मीरा देवी भी चुनाव लड़ रही हैं। मीरा देवी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। ऐसे में यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।देवांगना भंडारी और मीरा देवी को जिला प्रमुख पद के दावेदारों के रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में इस वार्ड के चुनाव परिणाम पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।
विधायकों के परिवार के सदस्य भी आजमा रहे किस्मत
दौसा के पंचायत चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के मौजूदा विधायकों के परिवार के सदस्य भी चुनाव लड़ रहे हैं। सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल की मां जिला परिषद सदस्य पद के लिए मैदान में हैं। वहीं, दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी भी जिला परिषद का चुनाव लड़ रही हैं।इन उम्मीदवारों की मौजूदगी से संबंधित सीटों पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। चुनाव में स्थानीय समीकरणों के साथ-साथ राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा भी दांव पर है।
IAS अधिकारी की पत्नी और पूर्व विधायक का बेटा भी मैदान में
जिले की सिकंदरा पंचायत समिति से एक IAS अधिकारी की पत्नी सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, नांगल राजावतान पंचायत समिति से पूर्व विधायक का बेटा भी चुनावी मैदान में है।तीसरे चरण के मतदान में जिला परिषद के 24 वार्ड और पंचायत समितियों की 142 सीटों पर प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद होगी। खास तौर पर वार्ड नंबर 19 सहित हाईप्रोफाइल सीटों के परिणाम पर सभी की नजर रहेगी।
