जयपुर में बिजली बिल अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हुआ हैक, खाते से उड़ाए 1.95 लाख रुपए
राजस्थान की राजधानी जयपुर में साइबर ठगों ने बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाकर 1 लाख 95 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगों ने पीड़ित के मोबाइल पर बिजली बिल से जुड़ा एक फर्जी मैसेज भेजा, जिसमें K-नंबर और एक लिंक दिया गया था। जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, उसका मोबाइल हैक हो गया और कुछ ही मिनटों में बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली बिल अपडेट के बहाने भेजा फर्जी लिंक
पुलिस के अनुसार, जगतपुरा के गांधी विहार निवासी शकील अहमद ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर बिजली बिल अपडेट करने का एक मैसेज आया था। मैसेज में उनके बिजली बिल का K-नंबर भी लिखा था, जिससे उन्हें यह संदेश वास्तविक लगा।मैसेज में बिल अपडेट करने और भुगतान करने के लिए एक लिंक दिया गया था। शकील अहमद ने बिना संदेह किए उस लिंक पर क्लिक कर दिया।
लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हुआ हैक
पीड़ित के अनुसार, लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और फोन का नियंत्रण साइबर ठगों के पास पहुंच गया। इसके बाद ठगों ने मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी का इस्तेमाल कर उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी।कुछ ही देर में साइबर अपराधियों ने खाते से 1 लाख 95 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।
बैंक का मैसेज आते ही चला ठगी का पता
शकील अहमद को जब बैंक खाते से रकम निकलने के मैसेज मिलने लगे, तब उन्हें साइबर ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर अपराधियों की पहचान और रकम के ट्रांजैक्शन की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिजली बिल, बैंक, केवाईसी या सरकारी सेवा के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक पर बिना पुष्टि किए क्लिक न करें। किसी भी अनजान लिंक के माध्यम से भुगतान करने या निजी जानकारी साझा करने से बचें।यदि किसी के साथ इस प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी पुलिस थाने अथवा साइबर पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। समय पर शिकायत करने से ठगी गई रकम को रिकवर करने की संभावना बढ़ जाती है।
