जयपुर में शाही शादी में जुटे क्रिकेट और बॉलीवुड सितारे, जहीर खान ने लड़के वालों की तरफ से खेली रस्साकशी
जयपुर में इन दिनों शाही शादियों के साथ क्रिकेट और बॉलीवुड की हस्तियों की महफिल भी सज रही है। सोमवार को चौमूं स्थित आर. चंद्रा होटल में पूर्व भारतीय क्रिकेटर जहीर खान के साले और अभिनेत्री सागरिका घाटगे के भाई शिवजीत घाटगे की शादी हुई। शिवजीत ने पल्लवी के साथ विवाह बंधन में बंधकर नई जिंदगी की शुरुआत की। इस शाही समारोह में क्रिकेट और बॉलीवुड जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।शिवजीत घाटगे महाराष्ट्र के कोल्हापुर के पास स्थित कागल के पूर्व शाही मराठा परिवार से ताल्लुक रखते हैं। शादी के अलग-अलग कार्यक्रमों में राजस्थानी परंपराओं और शाही अंदाज की झलक देखने को मिली। अभिनेत्री सागरिका घाटगे भी परिवार के इस खास मौके पर मेहमानों के साथ नजर आईं।
रस्साकशी में जहीर खान ने लिया हिस्सा
शादी से पहले आयोजित हल्दी और मेहंदी के कार्यक्रमों को खास अंदाज में सजाया गया था। समारोह में संगीत और नृत्य के साथ मेहमानों के मनोरंजन के लिए कई गतिविधियां भी रखी गईं। इसी दौरान रस्साकशी का मुकाबला आकर्षण का केंद्र बना।इस मुकाबले में जहीर खान लड़के वालों की टीम की ओर से रस्सी खींचते नजर आए। उनके साथ क्रिकेट जगत के पुराने दोस्तों ने भी हिस्सा लिया। क्रिकेटरों की इस मस्ती ने शादी के जश्न में चार चांद लगा दिए।
क्रिकेट जगत की कई हस्तियां पहुंचीं
शिवजीत और पल्लवी की शादी में जहीर खान के पुराने क्रिकेटर दोस्त भी शामिल हुए। इनमें पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा, पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर शामिल रहे।सभी क्रिकेटर पारंपरिक अंदाज में समारोह में पहुंचे।शादी के दौरान क्रिकेट की दुनिया के दोस्तों की मुलाकात, बॉलीवुड अभिनेत्री सागरिका घाटगे की मौजूदगी और राजस्थानी शाही परंपराओं ने आयोजन को खास बना दिया।
