नागौर में बैठक का वीडियो बनाने पर विवाद, भीड़ पर चढ़ा दी कैंपर; महिला का हाथ टूटा, बच्ची घायल
राजस्थान के नागौर जिले में ग्रामीणों की बैठक के दौरान वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक घटना में बदल गया। आरोप है कि वीडियो बनाने से रोकने पर तीन युवकों ने गुस्से में भीड़ पर कैंपर वाहन चढ़ा दिया। घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि एक बच्ची को भी चोटें आई हैं। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कैंपर भीड़ की ओर तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। यह घटना खींवसर थाना क्षेत्र के ताडावास गांव में सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुई।
वीडियो बनाने से रोका तो भड़के युवक
पुलिस के अनुसार, गांव के मुख्य चौक पर ग्रामीणों की बैठक चल रही थी। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और बैठक का वीडियो बनाने लगे। ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए उन्हें वीडियो बनाने से मना किया।आरोप है कि इस बात से नाराज होकर युवकों ने कैंपर वाहन तेज रफ्तार में भीड़ की ओर दौड़ा दिया।
बाइकों को रौंदते हुए बिजली के पोल से टकराई कैंपर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कैंपर पहले रास्ते में खड़ी 5 से 7 मोटरसाइकिलों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी और बाद में बिजली के पोल से जा भिड़ी।टक्कर से पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद करंट फैलने की आशंका से मौके पर भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
महिला का हाथ टूटा, बच्ची घायल
कैंपर की चपेट में आने से छोटी पत्नी अमीर खां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उनका एक हाथ टूट गया। वहीं, एक बच्ची को भी चोटें आईं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि लोग समय रहते वहां से नहीं हटते तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
खींवसर थाने के एएसआई हरेंद्र ने बताया कि ग्रामीण नथूराम की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने शाम को कैंपर चालक को डिटेन कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वीडियो के आधार पर जांच जारी
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने जांच का हिस्सा बनाया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
