जयपुर में गुलाबी रंगे हाथी के फोटोशूट पर विवाद, फुटेज में जानें विदेशी फोटोग्राफर घिरी, वन्यजीवों के इस्तेमाल और सुरक्षा पर उठे सवाल
जयपुर में एक विदेशी फोटोग्राफर के फोटोशूट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस फोटोशूट में एक हाथी को चमकीले गुलाबी रंग में रंगा गया था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। ट्रैवलिंग आर्ट फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा ने हाल ही में इस फोटोशूट की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं। इसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया और ऑनलाइन बहस शुरू हो गई।
जहां कुछ लोगों ने तस्वीरों की खूबसूरती और क्रिएटिविटी की सराहना की, वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स ने हाथी के साथ इस तरह के व्यवहार को लेकर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि जानवरों को इस तरह रंगना उनकी सेहत और प्राकृतिक व्यवहार के लिए हानिकारक हो सकता है।
इस विवाद के बीच वन्यजीव संरक्षण और पशु अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। कई यूजर्स ने मांग की है कि इस तरह के फोटोशूट पर सख्त नियम बनाए जाएं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा ने अपने पोस्ट में कहा कि इस शूट के लिए भारत आना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि उन्होंने जयपुर में करीब 6 हफ्ते बिताए और शहर के ‘पिंक कलर’ से प्रेरित होकर यह कॉन्सेप्ट तैयार किया।
उन्होंने लिखा, “पहले ही हफ्ते में जयपुर का गुलाबी रंग मेरे दिमाग में बस गया था। तभी यह विचार आया कि हेरिटेज गेट के सामने एक गुलाबी हाथी और मॉडल के साथ फोटोशूट किया जाए।” फोटोग्राफर ने यह भी कहा कि राजस्थान में हाथी एक प्रमुख प्रतीक के रूप में दिखाई देते हैं—चाहे वह सड़कों पर हों, सजावट में या वास्तुकला में—इसलिए वह इसे अपने प्रोजेक्ट का हिस्सा बनाना चाहती थीं।
इस फोटोशूट को मॉडल यशस्वी के साथ पूरा किया गया। फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर जहां कला और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात हो रही है, वहीं दूसरी ओर पशु कल्याण और नैतिकता को लेकर बहस तेज हो गई है।
