टोंक में पार्टी के शोर-शराबे पर विवाद, फुटेज में देंखे मोहल्ले वालों पर चाकू से हमला; 6 युवतियां और 2 युवक डिटेन
राजस्थान के टोंक में सोमवार रात एक मकान में चल रही पार्टी के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि शोर-शराबे से परेशान होकर मकान मालिक को टोकने पहुंचे मोहल्ले के लोगों के साथ गाली-गलौज की गई और चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान के अंदर से छह युवतियों और दो युवकों को डिटेन किया है। वहीं, मकान मालिक प्रदीप शर्मा का बेटा लवेश शर्मा और उसके साथ बताए जा रहे चार-पांच अन्य युवक पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गए।
शोर-शराबे से परेशान होकर मकान पर पहुंचे थे मोहल्ले वाले
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि लवेश शर्मा के मकान में कुछ युवक-युवतियां पार्टी कर रहे थे। इस दौरान हो रहे शोर-शराबे से आसपास रहने वाले लोग परेशान हो गए। इसके बाद कुछ मोहल्लेवासी मकान मालिक को समझाने और शोर कम करने के लिए वहां पहुंचे।आरोप है कि आवाज लगाने पर मकान मालिक प्रदीप शर्मा का बेटा लवेश शर्मा अपने चार-पांच साथियों के साथ बाहर आया। इसके बाद मोहल्ले के लोगों के साथ गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला मारपीट तथा चाकूबाजी तक पहुंच गया।
दो लोग घायल, एक को जयपुर किया रेफर
इस घटना में रामेश्वर सैनी और संजय सैनी घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, संजय सैनी के दाहिने हाथ के अंगूठे और सीने पर चाकू से हल्की चोटें आई हैं। वहीं, रामेश्वर सैनी को भी चोटें लगीं।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सआदत अस्पताल पहुंचाया। वहां संजय सैनी का प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि रामेश्वर सैनी की हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने छह युवतियों और दो युवकों को किया डिटेन
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मकान के अंदर से छह युवतियों और दो युवकों को डिटेन किया। युवतियों को सखी वन स्टॉप सेंटर में छोड़ा गया है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले लवेश शर्मा समेत चार-पांच अन्य युवक मौके से फरार हो गए।कोतवाली थाना प्रभारी भंवर लाल वैष्णव ने बताया कि लवेश शर्मा के खिलाफ टोंक सदर थाने में पहले भी पॉक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।पुलिस जांच के बाद ही विवाद की पूरी वजह और चाकूबाजी की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
