बाड़मेर में विवादित घटना: महिलाओं और प्रशासक ससुर के बीच हाथापाई, कार पर पथराव; वीडियो वायरल
बाड़मेर जिले के रीको थाना क्षेत्र में जसदेर धाम के पास मंगलवार शाम उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब एक प्रशासक के ससुर और कुछ महिलाओं के बीच विवाद बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि प्रशासक ससुर अपनी कार में बैठकर मौके से निकलने लगे। इसी दौरान आक्रोशित महिलाओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की और कई बार कार का गेट खोलने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि गुस्साई एक महिला ने पत्थर उठाकर कार पर फेंक दिया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया। घटना के बाद स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई और अंततः चालक को कार लेकर वहां से भागना पड़ा।
घटना के बाद प्रशासक के समर्थक रीको थाना पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की। समर्थकों ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की।वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।फिलहाल प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर जांच के बाद ही पूरे विवाद की सच्चाई और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।
