जयपुर पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, वीडियो में देंखे जिला प्रमुख रमा चोपड़ा और उप जिला प्रमुख मोहन डागर हारे; आमेर-आंधी समेत 4 जगह कांग्रेस का बोर्ड
जयपुर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। राजधानी में भाजपा को कई सीटों पर झटका लगा है। निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चोपड़ा और उप जिला प्रमुख मोहन डागर दोनों चुनाव हार गए हैं। वार्ड नंबर 18 से रमा चोपड़ा को कांग्रेस प्रत्याशी सुनील कुमावत ने शिकस्त दी। वहीं, पंचायत समितियों के नतीजों में कांग्रेस ने आमेर, आंधी, झोटवाड़ा और शाहपुरा में बोर्ड बनाने के लिए जरूरी बढ़त हासिल कर ली है।
जयपुर में मतगणना का काम भवानी निकेतन परिसर में जारी है। जिला परिषद के अब तक आए रुझानों में कांग्रेस 18 सीटों पर आगे है, जबकि भाजपा को 4 सीटों पर बढ़त मिली है। पंचायत समिति सदस्यों के नतीजों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर नजर आ रहा है। कई पंचायत समितियों में पार्टी ने स्पष्ट बढ़त बना ली है।
रमा चोपड़ा और मोहन डागर को हार
जयपुर जिला परिषद चुनाव में निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चोपड़ा को वार्ड नंबर 18 से हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के सुनील कुमावत ने उन्हें चुनाव में हराया। वहीं, निवर्तमान उप जिला प्रमुख मोहन डागर भी अपनी सीट नहीं बचा सके। दोनों प्रमुख पदों पर रह चुके नेताओं की हार को जयपुर के चुनाव परिणामों का बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।
आमेर, आंधी, झोटवाड़ा और शाहपुरा में कांग्रेस आगे
पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस ने चार स्थानों पर बोर्ड बनाने की स्थिति हासिल कर ली है।
आमेर पंचायत समिति के 21 वार्डों में से 11 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। आंधी पंचायत समिति में अब तक 19 वार्डों के नतीजे सामने आए हैं और सभी 19 सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। झोटवाड़ा में 15 में से 8 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी हुए हैं। वहीं, शाहपुरा में 15 में से 10 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।
इन नतीजों के बाद आमेर, आंधी, झोटवाड़ा और शाहपुरा में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है। हालांकि, अंतिम स्थिति संबंधित चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
सांगानेर में आरएलपी का बोर्ड
सांगानेर पंचायत समिति में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने बढ़त बनाते हुए बोर्ड बनाने की स्थिति हासिल की है। इससे जयपुर जिले के पंचायत चुनावों में कांग्रेस और भाजपा के अलावा तीसरे राजनीतिक दल की मौजूदगी भी सामने आई है।
जमवारामगढ़ में भी कांग्रेस की बढ़त
जमवारामगढ़ पंचायत समिति में भी कांग्रेस बोर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। यहां कुल 23 वार्डों में से 11 पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। अभी केवल 7 सीटों के नतीजे आना बाकी हैं। उपलब्ध परिणामों के आधार पर कांग्रेस की स्थिति मजबूत दिखाई दे रही है।
फागी और आंधी में भाजपा का खाता नहीं खुला
मतगणना के दौरान भाजपा के लिए फागी और आंधी पंचायत समितियों से निराशाजनक खबर सामने आई है। इन दोनों पंचायत समितियों में भाजपा अब तक अपना खाता भी नहीं खोल पाई है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने कई पंचायत समितियों में जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत की है।
57 वार्डों की मतगणना के लिए 98 टेबल
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती के लिए कुल 5 कमरे निर्धारित किए गए हैं। सभी 57 वार्डों की मतगणना कराने के लिए 98 टेबल लगाई गई हैं। भवानी निकेतन परिसर में सुरक्षा और मतगणना की व्यवस्थाओं के बीच नतीजे घोषित किए जा रहे हैं।
जयपुर के पंचायत चुनावों में सामने आए इन परिणामों से जिला परिषद और पंचायत समितियों की राजनीति में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। खासतौर पर जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख की हार तथा कई पंचायत समितियों में कांग्रेस की बढ़त ने चुनाव को चर्चा में ला दिया है।
