Aapka Rajasthan

अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूलों को बंद करने के विरोध में सड़कों पर उतरेगी Congress

 
अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूलों को बंद करने के विरोध में सड़कों पर उतरेगी Congress

जयपुर न्यूज़ डेस्क, लोकसभा चुनाव प्रक्रिया के बीच कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का फैसला लिया है। रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में जयपुर शहर जिला अध्यक्ष आर आर तिवारी, पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा, पूर्व विधायक गंगा देवी, कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव ललित तूनवाल, कांग्रेस के प्रत्याशी रहे पुष्पेंद्र भारद्वाज, डॉ. अर्चना शर्मा सहित कई नेता मौजूद रहे। इस बैठक में राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों को बंद करने के प्रयासों और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर कर हल्ला बोलेगी।

जयपुर जिला कलेक्ट्रेट पर होगा धरना प्रदर्शन

जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरआर तिवाड़ी ने बताया कि अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदेश की पर्ची सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाएंगे। इसकी शुरुआत 15 मई से होगी। पहले दिन जयपुर जिला कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। तिवारी ने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार महात्मा गांधी स्कूलों को बंद करने का प्रयास कर रही है। इसके विरोध में जयपुर कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन करके जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा। तिवारी ने कहा कि अंग्रेजी माध्यम की निजी स्कूलों में मोटी फीस वसूली जाती है। निम्न वर्ग के लोग अपने बच्चों को अंग्रेजी मीडियम की स्कूलों में पढ़ाने में असमर्थ हैं। ऐसे में हर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और इंग्लिश मीडियम की शिक्षा देने के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने महात्मा गांधी स्कूलों का संचालन शुरू किया था। भाजपा सरकार उन्हें बंद करने पर तुली है जो कि कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
 

बिगड़ी कानून व्यवस्था और पेयजल संकट पर सरकार को घेरने का प्लान

कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार की लचर कानून व्यवस्था और पेयजल संकट के खिलाफ ही सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अलग-अलग मुद्दों को लेकर आंदोलन को एक अभियान के रूप में चलाएंगे। इसके तहत अलग-अलग दिन सड़कों पर उतरकर सरकार की अकर्मण्यता और जनविरोधी फैसलों का विरोध किया जाएगा। कांग्रेस नेता अर्चना शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। मुख्यमंत्री और उनके मंत्री तो चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। वे अलग अलग राज्यों में घूम रहे हैं और प्रदेश में अपराधी लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।