उदयपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की पहली सूची जारी, विधायक के बेटे को टिकट; उदयलाल आंजना के करीबी भी मैदान में
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उदयपुर में कांग्रेस ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए अपने 47 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सूची में पार्टी के अनुभवी नेताओं के साथ राजनीतिक परिवारों से जुड़े चेहरों को भी मौका दिया गया है। मावली विधायक पुष्करलाल डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी को टिकट मिला है, जबकि पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के करीबी राज सिंह झाला भी चुनाव मैदान में उतरेंगे।
विधायक के बेटे को वार्ड 43 से टिकट
कांग्रेस ने मावली विधायक पुष्करलाल डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी को वार्ड नंबर 43 से उम्मीदवार बनाया है। पुष्करलाल डांगी भी जिला परिषद में रह चुके हैं। पार्टी के इस फैसले से वार्ड 43 का चुनाव चर्चा में आ गया है।
लाल सिंह झाला को वार्ड 2 से मौका
कांग्रेस ने उदयपुर देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष लाल सिंह झाला को वार्ड नंबर 2 से टिकट दिया है। झाला पहले मावली विधानसभा सीट से भी कांग्रेस के उम्मीदवार रहे थे, लेकिन उस समय उनका टिकट बदल दिया गया था। इस बार जिला परिषद चुनाव में उन्हें मौका दिया गया है। उन्होंने सूची जारी होने से पहले ही सोमवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया था।
उदयलाल आंजना के करीबी राज सिंह झाला वार्ड 32 से उम्मीदवार
पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के करीबी माने जाने वाले राज सिंह झाला को कांग्रेस ने वार्ड नंबर 32 से टिकट दिया है। राज सिंह झाला वल्लभनगर के पूर्व विधायक स्वर्गीय गजेंद्र सिंह शक्तावत के भांजे हैं। उन्होंने भी सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया था।
47 वार्डों के लिए घोषित किए उम्मीदवार
कांग्रेस ने उदयपुर जिला परिषद के सभी 47 वार्डों के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं। इनमें से पहले चरण में 25 वार्डों में चुनाव होना है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर है, जबकि 22 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है।
