Aapka Rajasthan

पीएम मोदी सहित भाजपा नेताओं की तारीफ कांग्रेस नेता को पड़ी भारी, 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित, वीडियो हो रहा वायरल

पीएम मोदी सहित भाजपा नेताओं की तारीफ कांग्रेस नेता को पड़ी भारी, 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित, वीडियो हो रहा वायरल
 
पीएम मोदी सहित भाजपा नेताओं की तारीफ कांग्रेस नेता को पड़ी भारी, 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित, वीडियो हो रहा वायरल

जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष और कांग्रेस नेता अजय अग्रवाल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। यह जानकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष योगेश मिश्रा द्वारा जारी एक आदेश के माध्यम से सामने आई है। अजय अग्रवाल पर भाजपा नेताओं की सार्वजनिक प्रशंसा, सोशल मीडिया पर पार्टी की आलोचना और पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

अग्रवाल 2023 के विधानसभा चुनाव में अलवर शहर से कांग्रेस के उम्मीदवार थे और इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अब तक सबसे अधिक वोट हासिल कर चुके थे। वह पूर्व में भाजपा में भी रहे हैं और नगर परिषद के भाजपा बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अग्रवाल अलवर शहर से दो बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं, लेकिन जीत नहीं सके।

अजय अग्रवाल कांग्रेस से निष्कासित: कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा ने एक आदेश जारी कर अजय अग्रवाल पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। जारी आदेश में उन्होंने आरोप लगाया है कि अजय अग्रवाल ने 14 मई को सोशल मीडिया पर भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल के फूल का इस्तेमाल करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए पोस्ट किया था। इससे पहले, 2 मई को उन्होंने एक व्हाट्सएप ग्रुप पर जिला कांग्रेस कमेटी अलवर के निष्क्रिय होने की बात पोस्ट की थी और वाहवाही बटोरने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी पर निष्क्रियता का आरोप लगाया था, जिसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भी दिया था।

अजय अग्रवाल 6 साल के लिए निष्कासित

पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप: अग्रवाल ने आज तक इस नोटिस का जवाब नहीं दिया है। जिलाध्यक्ष मिश्रा ने निष्कासन आदेश में आरोप लगाया था कि कांग्रेस पार्टी का प्रत्याशी होने के नाते अजय अग्रवाल ने कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के विरुद्ध काम किया है और अपने फेसबुक पोस्ट के कमेंट बॉक्स में अलवर सांसद और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की तारीफ की है। वहीं, 14 जुलाई को उन्होंने 2023 में भाजपा से अग्रवाल के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले संजय शर्मा के साथ एक फेसबुक पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने संजय शर्मा के साथ एक फोटो पोस्ट कर उनका महिमामंडन किया था। जिलाध्यक्ष मिश्रा ने बताया कि अजय अग्रवाल की पार्टी विरोधी गतिविधियों और कांग्रेस पार्टी की छवि धूमिल करने के गलत आचरण के कारण प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार उन्हें कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निलंबित किया गया है।

काफी समय से कर रहे थे भाजपा नेताओं की तारीफ: अजय अग्रवाल पिछले कई महीनों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव, राज्य के वन मंत्री और 2023 के विधानसभा चुनाव में अपने मुख्य प्रतिद्वंदी संजय शर्मा सहित अन्य भाजपा नेताओं और भाजपा सरकार के कामकाज की तारीफ करते रहे हैं। साथ ही, समय-समय पर कांग्रेस के कामकाज पर सवाल भी उठाते रहे हैं। इसी वजह से अग्रवाल कांग्रेस नेताओं से खफा चल रहे थे।