जयपुर में जल संकट पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, फुटेज में देंखे जल भवन का घेराव; सड़क पर लेटे कार्यकर्ता, मटके फोड़े
Jaipur में बढ़ते जल संकट को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जल भवन का घेराव करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक विरोध के तौर पर मटके भी फोड़े और पानी की समस्या को लेकर सरकार को घेरा।स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जल भवन के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। इसकेबावजूद कई विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ता जल भवन के मेन गेट पर चढ़ गए और विरोध प्रदर्शन जारी रखा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए।
प्रदर्शन की शुरुआत सिविल लाइंस क्षेत्र से हुई, जहां से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “पानी यात्रा” निकालते हुए जल भवन तक पैदल मार्च किया। भीषण गर्मी और तपती सड़कों के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। कई कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए और गर्म सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश के कई इलाकों में लोग पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं, लेकिन सरकार समाधान निकालने में विफल रही है।प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री Pratap Singh Khachariyawas ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि जनता की पानी की समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया तो वह आंदोलन को और तेज करेंगे। खाचरियावास ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर लोगों को गंदा पानी मिल रहा है तो यही गंदा पानी मुख्यमंत्री और मंत्रियों को भी पिलाऊंगा। जरूरत पड़ी तो मंत्री और मुख्यमंत्री के पानी के कनेक्शन भी खुद काटूंगा।”
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों और गांवों में लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं। कई क्षेत्रों में नियमित जल आपूर्ति नहीं हो रही, जबकि कुछ जगहों पर गंदा और दूषित पानी पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं।वहीं सरकार की ओर से अभी इस प्रदर्शन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि प्रशासन ने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और कई क्षेत्रों में टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जा रहा है।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच पानी की समस्या अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि यदि हालात नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में आंदोलन और व्यापक स्तर पर किया जाएगा। फिलहाल जयपुर का यह प्रदर्शन प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों की नजरें अब सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
