Aapka Rajasthan

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, 419 में से 269 पंचायत समितियों में बढ़त: वीडियो में जाने भाजपा 73 पर सिमटी; मंत्री झाबर सिंह खर्रा के पत्नी-बेटे और कई बड़े नेताओं के रिश्तेदार हारे

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, 419 में से 269 पंचायत समितियों में बढ़त: वीडियो में जाने भाजपा 73 पर सिमटी; मंत्री झाबर सिंह खर्रा के पत्नी-बेटे और कई बड़े नेताओं के रिश्तेदार हारे
 
राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, 419 में से 269 पंचायत समितियों में बढ़त: वीडियो में जाने भाजपा 73 पर सिमटी; मंत्री झाबर सिंह खर्रा के पत्नी-बेटे और कई बड़े नेताओं के रिश्तेदार हारे

राजस्थान के पंचायत समिति चुनाव के नतीजों में कांग्रेस बड़ी बढ़त बनाती नजर आ रही है। प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों के उपलब्ध नतीजों के मुताबिक कांग्रेस 269 समितियों में बढ़त या बहुमत की स्थिति में है। भाजपा को 73 और अन्य दलों व निर्दलीयों को 60 पंचायत समितियों में सफलता मिली है। शेष 17 पंचायत समितियों में किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। इस चुनाव में कई बड़े राजनीतिक परिवारों को भी झटका लगा है। नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे चुनाव हार गए।

जयपुर की 22 में से 14 पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत

जयपुर जिले में कांग्रेस ने मजबूत प्रदर्शन किया है। जिले की कुल 22 पंचायत समितियों में से 14 में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया है। भाजपा को चौमूं और सांभर लेक में बहुमत मिला, जबकि सांगानेर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने जीत दर्ज की है।अमरसर, जालसू, मौजमाबाद, रामपुरा डाबरी और दूदू में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। इन समितियों में बोर्ड गठन के लिए निर्दलीय और अन्य दलों के सदस्यों की भूमिका अहम हो सकती है।

जोधपुर में भाजपा को एक भी पंचायत समिति में बहुमत नहीं

जोधपुर जिले की 23 पंचायत समितियों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा। यहां 14 पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत मिला है। भाजपा किसी भी पंचायत समिति में बहुमत हासिल नहीं कर सकी। आरएलपी ने तीन पंचायत समितियों में जीत दर्ज की, जबकि छह समितियों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चार सदस्य हारे

चुनाव में सबसे चर्चित नतीजों में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार की हार शामिल है। उनकी पत्नी शांति देवी, बेटे दुर्गा सिंह खर्रा और अजय सिंह चुनाव नहीं जीत सके। उनके छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा को भी हार का सामना करना पड़ा। प्रतिमा ने जिला परिषद के वार्ड-23 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था।रिपोर्ट के मुताबिक, शांति देवी अजितगढ़ पंचायत समिति के वार्ड-17 से चुनाव मैदान में थीं। वहीं, अजय सिंह और दुर्गा सिंह भी अपने-अपने वार्डों से जीत हासिल नहीं कर सके।

विधायक की दोनों बहुएं और आईएएस की पत्नी भी हारीं

अलवर जिले की कठूमर विधानसभा सीट से विधायक रमेश खींची के परिवार को भी चुनाव में झटका लगा। उनकी दोनों बहुएं दीपिका और बिंदू चुनाव हार गईं। दीपिका ने वार्ड-12 और बिंदू ने वार्ड-11 से चुनाव लड़ा था।वहीं, दौसा जिले की सिकंदरा पंचायत समिति के वार्ड-13 में आईएएस अधिकारी सुमेर सिंह गुर्जर की पत्नी पिंकी गुर्जर को भी हार का सामना करना पड़ा।

पंचायत चुनाव के इन नतीजों ने प्रदेश में स्थानीय राजनीति की तस्वीर बदल दी है। कई क्षेत्रों में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है, जबकि भाजपा को कई जगह अपेक्षित सफलता नहीं मिली। जिन पंचायत समितियों में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, वहां बोर्ड गठन के लिए निर्दलीय और छोटे दलों के सदस्य निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।