वसुंधरा राजे के बयान के समर्थन में उतरी कांग्रेस, महिला प्रदेशाध्यक्ष का बीजेपी सरकार पर तंज
BJP वर्किंग कमेटी की मीटिंग के दौरान ब्यूरोक्रेसी पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बयान की खूब चर्चा हो रही है। अब कांग्रेस पार्टी ने इस पर रिएक्शन दिया है। राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि राजे का बयान उस बात को कन्फर्म करता है जो कांग्रेस पार्टी लंबे समय से उठा रही है। सारिका सिंह ने BJP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में ब्यूरोक्रेसी सरकार पर हावी है। उन्होंने कहा, "पिछले दो साल से हालात ऐसे हैं कि न तो BJP कार्यकर्ताओं की सुनी जा रही है और न ही चुने हुए प्रतिनिधियों की। ब्यूरोक्रेसी के हावी होने की वजह से सरकार पूरी तरह फेल साबित हो रही है।"
"BJP कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी जा रही है"
राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा, "पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का दर्द उनके बयान में साफ दिख रहा है। राजे ने खुले मंच से कहा कि अगर अधिकारी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनते हैं, तो उन्हें नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। यह बयान इस बात का सबूत है कि सरकार में ही जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी जा रही है।" आम जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है - सारिका सिंह
वसुंधरा राजे के बयान का ज़िक्र करते हुए उन्होंने आगे कहा कि इस स्थिति का सबसे ज़्यादा असर युवाओं, महिलाओं और आम जनता पर पड़ा है। राज्य का हर वर्ग ठगा हुआ महसूस कर रहा है, और सरकार पर जनता का भरोसा कम हो रहा है।
