जयपुर में पार्षदों को पुलिस द्वारा उठाने का कांग्रेस का आरोप, फुटेज में देंखे कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
जयपुर में निकाय चुनाव के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने आरोप लगाया कि पार्टी के कई नवनिर्वाचित पार्षदों को पुलिस ने अलग-अलग जगहों से जबरन उठाया है और उन्हें डराया जा रहा है। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया में पुलिस की निष्पक्ष भूमिका की मांग को लेकर शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल को ज्ञापन सौंपा। सुनील शर्मा ने कहा कि पार्टी के कई चुने हुए पार्षदों को पुलिस द्वारा उठाए जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि अगर अजमेर, जोधपुर और बीकानेर में हुए घटनाक्रम जैसी स्थिति जयपुर में भी बनी तो कांग्रेस को सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अगर इस तरह के घटनाक्रम से कानून-व्यवस्था बिगड़ती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चुनाव के बाद की प्रक्रिया में किसी भी राजनीतिक दबाव से अलग रहकर निष्पक्ष तरीके से काम करने की मांग की।जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से पुलिस कमिश्नर को दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों को अलग-अलग स्थानों से उठाया गया। पार्टी ने पुलिस से इस मामले में निष्पक्ष भूमिका निभाने और पार्षदों को किसी तरह का दबाव या भय नहीं होने देने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा के साथ आदर्श नगर विधायक रफीक खान, किशनपोल विधायक अमीन कागजी और बगरू की पूर्व कांग्रेस विधायक गंगा देवी भी मौजूद रहीं।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचित पार्षदों को स्वतंत्र रूप से अपनी राजनीतिक गतिविधियां करने का अवसर मिलना चाहिए। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की जानकारी लेने और चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की है।
