राजस्थान के सूखाग्रस्त किसानों को 17 हजार रुपए तक का मुआवजा, वीडियो में जानें 15 जिलों की 92 तहसीलें घोषित सूखाग्रस्त
राजस्थान में सूखे की मार झेल रहे किसानों को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 8,500 रुपए का अनुदान मिलेगा। एक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर जमीन के लिए सहायता दी जाएगी। इस तरह पात्र किसान को अधिकतम 17 हजार रुपए की मुआवजा राशि मिल सकेगी।
सरकार ने प्रदेश के 15 जिलों की 92 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। इन क्षेत्रों के प्रभावित किसानों के लिए 9,321 करोड़ रुपए का राहत पैकेज घोषित किया गया है। हालांकि, मुआवजे का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी फसल में 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है।
पटवारी तैयार करेंगे पात्र किसानों की सूची
प्रभावित किसानों को अनुदान देने के लिए तहसीलदार पटवारियों के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में पात्र किसानों की सूची तैयार करवाएंगे। फसल में हुए नुकसान के आधार पर किसानों को सहायता के लिए चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद संबंधित जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
मुआवजे के लिए फार्मर आईडी और ई-केवाईसी जरूरी
अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी। इसके लिए किसानों के पास फार्मर आईडी होना और ई-केवाईसी पूरी होना जरूरी है। कृषि विभाग ने किसानों के बैंक खातों को आधार और जन आधार से लिंक करवाने के निर्देश दिए हैं।
जिन किसानों के बैंक खाते जन आधार से लिंक नहीं हैं, उन्हें इसकी जानकारी देकर प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए कहा जा रहा है, ताकि भुगतान के समय किसी तरह की परेशानी न हो।
समय पर सूची अपलोड नहीं हुई तो अधिकारियों की होगी जिम्मेदारी
प्रशासन ने अधिकारियों को पात्र किसानों की सूची तय समय सीमा में तैयार कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल बंद होने के बाद यदि किसी पात्र किसान को सूची अपलोड नहीं होने के कारण अनुदान नहीं मिलता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
सिंचित और असिंचित जमीन के हिसाब से अलग-अलग सहायता
एसडीआरएफ के निर्धारित मानकों के अनुसार 33 प्रतिशत या इससे अधिक फसल खराबे पर वर्षा आधारित यानी असिंचित जमीन के लिए 8,500 रुपए प्रति हेक्टेयर और सुनिश्चित सिंचित जमीन के लिए 17 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की सहायता का प्रावधान है। सहायता अधिकतम दो हेक्टेयर तक सीमित रहती है। इसलिए वास्तविक राशि खेत की श्रेणी और पात्रता के आधार पर तय होगी।
सूखे से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए प्रशासन अब फसल खराबे का आकलन और पात्रता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में जुटा है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फार्मर आईडी, ई-केवाईसी और बैंक खाते को आधार व जन आधार से लिंक रखने की प्रक्रिया समय पर पूरी कर लें।
