Aapka Rajasthan

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, कंपनियों ने बढ़ाए दाम, फुटेज में जानें राजस्थान में 1769.50 रुपये में मिलेगा 19 किलो सिलेंडर

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, कंपनियों ने बढ़ाए दाम, फुटेज में जानें राजस्थान में 1769.50 रुपये में मिलेगा 19 किलो सिलेंडर
 
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, कंपनियों ने बढ़ाए दाम, फुटेज में जानें राजस्थान में 1769.50 रुपये में मिलेगा 19 किलो सिलेंडर

महंगाई की मार झेल रहे व्यापारियों और होटल-रेस्तरां संचालकों के लिए एक और झटका सामने आया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी है। आज से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 49.50 रुपये का इजाफा लागू कर दिया गया है।

इस बढ़ोतरी के साथ ही राजस्थान में अब कॉमर्शियल सिलेंडर 1719.50 रुपये की जगह 1769.50 रुपये में मिलेगा। लगातार दूसरे महीने कीमतों में वृद्धि से छोटे व्यवसायियों की लागत बढ़ना तय माना जा रहा है।

राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया कि कंपनियों की ओर से जारी नई रेट लिस्ट के अनुसार यह बढ़ोतरी तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से दामों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, जिससे कारोबारियों के लिए बजट बनाना मुश्किल हो रहा है।

गौरतलब है कि इस साल जनवरी में भी कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 111 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। यानी दो महीनों के भीतर ही कुल करीब 160 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। इससे होटल, ढाबा, कैटरिंग और फूड इंडस्ट्री से जुड़े व्यवसायों की लागत में सीधा असर पड़ रहा है।

हालांकि, पिछले साल के अंत में कुछ राहत भी मिली थी। नवंबर में 5 रुपये और दिसंबर में 10 रुपये की कटौती की गई थी। वहीं साल 2025 के दौरान जून में 69.50 रुपये, मई में 19 रुपये और अप्रैल में 31.50 रुपये की कमी दर्ज की गई थी। लेकिन इसके बाद मार्च में 26 रुपये और फरवरी में 13.50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण घरेलू बाजार में भी दरों में बदलाव होता है। इसके चलते कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर नहीं रह पा रही हैं।

व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों से उनका खर्च बढ़ रहा है, जिसका असर आम ग्राहकों पर भी पड़ सकता है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का मानना है कि गैस महंगी होने से खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में भी इजाफा करना पड़ सकता है।

फिलहाल घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है। लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने व्यवसायिक क्षेत्र की चिंता बढ़ा दी है।