Aapka Rajasthan

रंग, मस्ती और जोश! राजस्थान के इस शहर में 'कपड़ा फाड़ होली' का अनोखा नजारा, जानिए क्या है इसकी खासियत ?

 
रंग, मस्ती और जोश! राजस्थान के इस शहर में 'कपड़ा फाड़ होली' का अनोखा नजारा, जानिए क्या है इसकी खासियत ?

जयपुर न्यूज़ डेस्क - विविधताओं से भरे राजस्थान में होली के त्यौहार पर अनोखे रंग देखने को मिलते हैं। थार, वागड़, मारवाड़, हाड़ौती, ढूंढाड़ समेत विभिन्न भागों में रंगों का त्यौहार अनोखे अंदाज में मनाया जा रहा है। पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश की सीमा से लगे झालावाड़ के झालरापाटन शहर में भी कुछ ऐसे ही रंग देखने को मिलते हैं। यहां हर बार की तरह कपड़ा फाड़ होली खेली गई। युवाओं की टोली एक दूसरे पर न सिर्फ रंग लगाती है बल्कि कपड़े भी फाड़ती है। हाड़ौती के इस शहर में 'कपड़ा फाड़ होली' काफी प्रचलित है।

मिलन का सिलसिला शुरू होते ही फटने लगते हैं कपड़े
बच्चे और युवा पूरे कपड़े पहनकर शहर में होली खेलने के लिए घरों से निकले थे। लेकिन जब लोगों से मिलने का सिलसिला शुरू हुआ तो रंग लगाने के साथ ही कपड़े फाड़ने का सिलसिला भी शुरू हो गया। खास बात यह है कि जब वे फटे कपड़े लेकर घर पहुंचते हैं तो उनके परिवार के लोग भी इस पर ऐतराज नहीं करते।

समूहों में निकलते हैं बच्चे और युवा
दरअसल कपड़ा फाड़ होली का अपना अलग ही अंदाज होता है। यह खेल समूहों में खेला जाता है। बच्चे और युवा अलग-अलग समूहों में शहर में घूमते रहते हैं और खूब हुड़दंग मचाते हैं। जैसे ही दो समूह आमने-सामने आते हैं, वे एक-दूसरे के कपड़ों पर हमला कर देते हैं। वे एक-दूसरे पर रंग फेंककर होली की शुभकामनाएं देते हैं।