जयपुर में तेज रफ्तार डंपर ने कॉलेज छात्र को कुचला, फुटेज में देंखे मौके पर मौत; ड्राइवर फरार
राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार कॉलेज छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद युवक डंपर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसका सिर कुचल गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पोखरिया वाला पुलिया के पास हुआ हादसा
यह दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे जयपुर के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में पोरिया वाला पुलिया के पास हुई। मृतक की पहचान प्रशांत जांगिड़ पुत्र धर्मेंद्र कुमार जांगिड़ के रूप में हुई है। वह विद्याधर नगर स्थित सोनी का बाग का निवासी था और कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।जानकारी के अनुसार, प्रशांत बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद छात्र डंपर के पिछले पहिए के नीचे आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसके सिर में घातक चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार
दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। हादसे की सूचना मिलने पर दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर और मोटरसाइकिल को थाने पर लाकर खड़ा करवाया है।दौलतपुरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले में रिपोर्ट प्राप्त कर केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही फरार चालक की पहचान और तलाश करने में जुटी है। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही।इस दुर्घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। तेज रफ्तार भारी वाहनों से होने वाले हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करते हैं। पुलिस की जांच और चालक की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
