राजस्थान में सर्दी का असर तेज, वीडियो में जाने फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन पारा 5 डिग्री से नीचे; जयपुर में सीजन की सबसे ठंडी रात
राजस्थान में सर्द हवाओं के चलते रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। राज्य के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। शेखावाटी के फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन पारा 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर प्रदेश के सभी शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।
मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने और सर्द हवाओं का असर बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान सुबह और शाम ठंड का असर ज्यादा रहेगा, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
फतेहपुर में 4.7 डिग्री तापमान
बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा सर्दी शेखावाटी क्षेत्र में महसूस की गई। सीकर के फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। यहां पारा 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नागौर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
शेखावाटी के अलावा बीकानेर संभाग और पूर्वी राजस्थान के भरतपुर तथा जयपुर संभाग के इलाकों में भी सर्द हवाओं का असर ज्यादा देखने को मिला। ठंडी हवा चलने से रात के समय तापमान में गिरावट आई और लोगों को ठिठुरन महसूस हुई।
जयपुर में सीजन की सबसे ठंडी रात
राजधानी जयपुर में बुधवार शाम हल्की से मध्यम ठंडी हवाएं चलीं। इसके चलते रात में सर्दी का असर बढ़ गया। शहर का न्यूनतम तापमान गिरकर 11.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान रहा।
हालांकि, दिन में तेज धूप निकलने और हवा की रफ्तार कमजोर रहने से लोगों को ठंड से राहत मिली। जयपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण सुबह-शाम ठंड ज्यादा महसूस हो रही है।
अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने का अनुमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। सुबह और शाम तेज सर्दी रहेगी, जबकि दिन में अच्छी धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी।
सर्द हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान कम बना हुआ है। ऐसे में सुबह जल्दी और देर रात घर से बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड से बचाव रखने की सलाह दी जा रही है। फिलहाल प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है।
