Aapka Rajasthan

दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम भजनलाल शर्मा, वीडियो में देंखे राजस्थान की कानून-व्यवस्था और सीमा सुरक्षा पर हुई चर्चा

दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम भजनलाल शर्मा, वीडियो में देंखे राजस्थान की कानून-व्यवस्था और सीमा सुरक्षा पर हुई चर्चा
 
दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम भजनलाल शर्मा, वीडियो में देंखे राजस्थान की कानून-व्यवस्था और सीमा सुरक्षा पर हुई चर्चा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को दिल्ली दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच राजस्थान की कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, प्रदेश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सीमावर्ती राज्य होने के कारण मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार से विशेष सहयोग की अपेक्षा भी जताई।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में पाकिस्तान सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ (रामसिंहपुर) रेलवे ट्रैक पर बम विस्फोट की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद राजस्थान आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने जांच शुरू की थी। जांच में पाकिस्तान समर्थित आतंकी साजिश का खुलासा होने और पंजाब से दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मामला चर्चा में है।

रेलवे ट्रैक पर विस्फोट के बाद सुरक्षा को लेकर बढ़ी सतर्कता

पाकिस्तान से सटे राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं। राजस्थान एटीएस ने मामले की जांच करते हुए पंजाब से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे पाकिस्तान समर्थित आतंकी साजिश की बात सामने आई है।माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमित शाह को इस पूरे मामले और एटीएस की कार्रवाई की जानकारी भी दी। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए केंद्र से सहयोग की जरूरत पर चर्चा की।

सरकार के कामकाज का भी दिया ब्यौरा

मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान अमित शाह को प्रदेश सरकार के कामकाज की जानकारी दी। दोनों नेताओं के बीच राजस्थान के विकास को नई गति देने, केंद्र और राज्य की योजनाओं के बेहतर तालमेल और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।इसके अलावा प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं की प्रगति के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री को बताया।

निकाय और पंचायत चुनावों पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री और अमित शाह की मुलाकात को हाल ही में हुए निकाय और पंचायत चुनावों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने चुनावों से जुड़े परिणामों और संगठन की भूमिका का ब्यौरा भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखा। चुनाव के दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रियता सहित अन्य राजनीतिक पहलुओं पर भी जानकारी साझा की गई।हालांकि, मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है। मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा ऐसे समय हुआ है, जब राजस्थान में सीमावर्ती सुरक्षा, विकास योजनाओं और स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े मुद्दे अहम बने हुए हैं। ऐसे में इस मुलाकात को प्रदेश की सुरक्षा और विकास से जुड़े मामलों में केंद्र के साथ समन्वय बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।