सीएम भजनलाल शर्मा बोले—पदोन्नति और वेतनमान पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति, 8वें वेतन आयोग पर भी होगा अध्ययन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार पदोन्नति और वेतनमान से जुड़े मामलों के अध्ययन के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन करने जा रही है। यह समिति भविष्य में 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर भी विचार करेगी।मुख्यमंत्री गुरुवार को सचिवालय कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों और प्रशासनिक सुधारों को लेकर गंभीर है और सभी मुद्दों पर व्यवस्थित तरीके से निर्णय लिया जाएगा।
सीएम ने युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चार लाख नौकरियां देने का वादा किया था, जिसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इनमें से अब तक सवा लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं, जबकि सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है।उन्होंने आगे कहा कि लगभग 1 लाख 35 हजार भर्तियां वर्तमान में प्रक्रियाधीन हैं। सरकार का लक्ष्य है कि सभी भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर तेजी से मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखें, सरकार की ओर से रोजगार के अवसरों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि योग्य युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस कार्यक्रम में सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने भी अपनी मांगें और सुझाव रखे, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।
