CM भजनलाल ने अपने दूदू दौरे में दि अरबों रूपए की सौगात, वायरल वीडियो में जाने जनता को क्या कुछ मिला
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को दूदू के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के 56वें जन्मदिन पर आयोजित समारोह में शिरकत की और दूदू-फागी क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल ने लोगों से कहा कि वे आने वाले त्यौहारी सीजन में वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा दें और स्वदेशी उत्पाद खरीदें। इससे स्थानीय कारीगरों को अधिक से अधिक रोजगार मिलेगा।
प्रेमचंद बैरवा को जन्मदिन की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रेमचंद बैरवा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने मात्र डेढ़ साल में ही उतना काम कर दिया है जितना कांग्रेस ने पांच साल में किया था। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर, गंग नहर, माही बांध जैसी परियोजनाओं के माध्यम से जल उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, सरकार 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
करोड़ों की लागत से सड़क निर्माण
विश्व बैंक द्वारा ईपीसी मोड के तहत स्वीकृत दूदू-सांभर-भाटीपुरा सड़क का निर्माण दूदू के लिए 271 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। साथ ही, रसैनी-मौजमाबाद-झाग-रामपुरा ऊंटी-बगरू सड़क का निर्माण 90 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। हमारी सरकार ने दूदू और सांभर से होकर गुजरने वाली दौसा से कुचामन सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 32 करोड़ 66 लाख रुपये आवंटित किए हैं। मुख्यमंत्री ने सखानू में बाईपास निर्माण, 40 करोड़ रुपये की लागत से छापरवाड़ा बांध की नहरों के जीर्णोद्धार, दूदू में जिला अस्पताल भवन और मोहनपुरा-फागी में औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण आदि का उल्लेख करते हुए कहा कि ये दूदू के विकास में नए आयाम स्थापित करेंगे।
राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय का शिलान्यास
इस दौरान, दूदू विधानसभा क्षेत्र में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण, सड़क निर्माण, मरम्मत एवं भवन निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया तथा लगभग 10.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य कल्याण केंद्र, ब्लॉक जन स्वास्थ्य इकाई भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही, 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एकीकृत आयुष चिकित्सालय, दूदू और 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, फागी का शिलान्यास किया गया।
