निकाय चुनाव के नतीजों पर CM भजनलाल का कांग्रेस पर हमला, वीडियो में बोले- कांग्रेसियों को हमेशा कुर्सी का डर रहता था
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार शाम भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जश्न के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को हमेशा अपनी कुर्सी का डर रहता था, इसलिए वे हर तीन-तीन महीने में चुनाव कराने की बात करते थे। उन्होंने यह भी कहा कि निकाय चुनाव शुरू होने से पहले ही कांग्रेस ने सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाना शुरू कर दिया था।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जब निकाय चुनाव शुरू ही नहीं हुए थे, तब सत्ता के दुरुपयोग की बात कैसे की जा सकती है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर भी टिप्पणी की और कहा कि कभी कांग्रेस की ओर से कहा जाता है कि मुख्यमंत्री की अधिकारी नहीं सुनते और कभी यह आरोप लगाया जाता है कि अधिकारी उनके हिसाब से काम कर रहे हैं।
सीएम बोले- कांग्रेस का अपना कोई रुख नहीं
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का कोई निश्चित रुख नहीं है। उनके मुताबिक, परिस्थितियों के अनुसार कांग्रेस अलग-अलग बातें कहती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसा समय होता है, कांग्रेस उसी के अनुसार अपना राग अलापना शुरू कर देती है।यह बयान ऐसे समय आया है जब राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में अध्यक्ष और महापौर पदों के परिणाम सामने आ रहे हैं। चुनावी नतीजों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जश्न मनाया।
301 निकायों के परिणाम घोषित
राज्य में कुल 309 शहरी स्थानीय निकायों में से 301 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने 197 निकायों में बोर्ड बनाया है, जबकि कांग्रेस के 94 निकायों में बोर्ड बने हैं। सात निकायों में निर्दलीय उम्मीदवार अध्यक्ष चुने गए हैं। वहीं आम आदमी पार्टी, सीपीआईएम और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के एक-एक उम्मीदवार अध्यक्ष पद पर चुने गए हैं।नगर निगमों की बात करें तो अब तक सात में महापौर पद के परिणाम सामने आ चुके हैं। भाजपा के उम्मीदवार छह नगर निगमों में महापौर चुने गए हैं, जबकि बीकानेर में कांग्रेस के उम्मीदवार ने महापौर पद हासिल किया है। भरतपुर और भीलवाड़ा में भाजपा उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध महापौर चुने जा चुके थे।
जयपुर, जोधपुर और कोटा में 25 सितंबर को चुनाव
राजस्थान के तीन बड़े नगर निगम जयपुर, जोधपुर और कोटा में महापौर पद के लिए चुनाव 25 सितंबर को होना है। इन चुनावों के परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही बाकी बचे निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी होगी।निकाय चुनाव के परिणामों के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जहां परिणामों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया, वहीं कांग्रेस पर चुनाव से पहले लगाए गए सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर सवाल उठाए।
